शुक्रवार, 25 सितंबर 2026 शुक्र, 25 सित॰ |
संस्करण:
ब्रेकिंग न्यूज़
छत्तीसगढ़

मानसून मेहरबान! छत्तीसगढ़ में 100.1 प्रतिशत बारिश, बस्तर में एक दिन में 188 मिमी पानी, जानें आपके जिले का हाल

Chhattisgarh Monsoon Rain: छत्तीसगढ़ में इस साल मानसून की बारिश ने राज्य के सामान्य आंकड़े को छू लिया है। 25 सितंबर 2026 तक प्रदेश में 100.1 प्रतिशत सामान्य वर्षा दर्ज की गई है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, 1 जून से 25 सितंबर के बीच राज्य में औसतन 1082.4 मिमी बारिश हुई है। […]

Heavy monsoon rainfall in Chhattisgarh with overflowing river and cloudy sky
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य

Chhattisgarh Monsoon Rain: छत्तीसगढ़ में इस साल मानसून की बारिश ने राज्य के सामान्य आंकड़े को छू लिया है। 25 सितंबर 2026 तक प्रदेश में 100.1 प्रतिशत सामान्य वर्षा दर्ज की गई है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, 1 जून से 25 सितंबर के बीच राज्य में औसतन 1082.4 मिमी बारिश हुई है। इस अवधि में पिछले 10 वर्षों के आधार पर संभावित औसत वर्षा 1081.5 मिमी है। यानी प्रदेश में अब तक सामान्य से मामूली अधिक बारिश हुई है। पिछले 24 घंटे में भी राज्य में औसतन 52.8 मिमी पानी बरसा।

बलरामपुर में सामान्य से 69 प्रतिशत ज्यादा बारिश

जिलों के आंकड़ों पर नजर डालें तो बलरामपुर प्रतिशत के हिसाब से सबसे आगे है। जिले में अब तक 1527.7 मिमी बारिश दर्ज हुई है, जो सामान्य की तुलना में 169.4 प्रतिशत है। वहीं कुल बारिश की मात्रा के लिहाज से नारायणपुर सबसे आगे है। यहां अब तक 1600.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है। पिछले 24 घंटे में भी बस्तर संभाग के कई हिस्सों में जमकर बारिश हुई। बस्तर में 188.2 मिमी और कोंडागांव में 161.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। नारायणपुर में 151.9 मिमी और गरियाबंद में 110.3 मिमी पानी बरसा।

रायपुर समेत मध्य छत्तीसगढ़ में भी सामान्य से ज्यादा पानी

मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भी मानसून की स्थिति अच्छी रही है। रायपुर में 1180.2 मिमी यानी 129.5 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई है। इसी तरह गरियाबंद में 1357.7 मिमी यानी 126.5 प्रतिशत, धमतरी में 1201.7 मिमी यानी 113.4 प्रतिशत, महासमुंद में 1204.2 मिमी यानी 121.7 प्रतिशत और बालोद में 1192.1 मिमी यानी 115 प्रतिशत बारिश हुई है। बिलासपुर संभाग के मुंगेली में 1026.5 मिमी (108.8 प्रतिशत) और सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 1161.3 मिमी (134.1 प्रतिशत) वर्षा दर्ज की गई है। सूरजपुर में भी 1173.6 मिमी यानी 111.2 प्रतिशत बारिश हुई है।

इन जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश

प्रदेश का औसत भले ही सामान्य स्तर पर पहुंच गया हो, लेकिन कुछ जिलों में बारिश अब भी औसत से पीछे है। सरगुजा में 606.6 मिमी (75.5 प्रतिशत), जशपुर में 828.7 मिमी (79.7 प्रतिशत), कबीरधाम में 672 मिमी (82.2 प्रतिशत) और बेमेतरा में 597.1 मिमी (74.5 प्रतिशत) बारिश दर्ज हुई है। कांकेर में 1110.7 मिमी बारिश हुई, लेकिन यह सामान्य के मुकाबले 75.9 प्रतिशत है। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 74.7 प्रतिशत और बीजापुर में 78.7 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई है। इसके बावजूद बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा, कोरबा, जांजगीर-चांपा, दुर्ग और राजनांदगांव जैसे जिलों में बारिश का आंकड़ा सामान्य के आसपास बना हुआ है।

नदियों के जलस्तर पर लगातार निगरानी

लगातार हो रही बारिश को देखते हुए राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष और आपदा प्रबंधन विभाग प्रदेश की नदियों के जलस्तर और बारिश के आंकड़ों की लगातार निगरानी कर रहे हैं। हाल में भारी बारिश वाले जिलों में निचले इलाकों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य का औसत बारिश का आंकड़ा सामान्य स्तर पर पहुंचने के बावजूद जिलों में बारिश की स्थिति एक जैसी नहीं है। यही वजह है कि प्रशासन की नजर अब भी भारी बारिश वाले क्षेत्रों और निचले इलाकों पर बनी हुई है।

Rverma
लेखक / पत्रकार:

Rverma

विशेष संवाददाता (Special Correspondent)

वरिष्ठ न्यूज़ रिपोर्टर, The Rural Press

The Rural Press के लिए निष्पक्ष और निर्भीक रिपोर्टिंग।

विज्ञापन