बुधवार, 9 सितंबर 2026 बुध, 9 सित |
संस्करण:
छत्तीसगढ़

डीजे को लेकर छत्तीसगढ़ नागरिक संघर्ष समिति ने दायर की हस्तक्षेप याचिका, गणेश विसर्जन के दौरान ध्वनि प्रदूषण फैलाने का मामला

डीजे को लेकर छत्तीसगढ़ नागरिक संघर्ष समिति ने दायर की हस्तक्षेप याचिका, गणेश विसर्जन के दौरान ध्वनि प्रदूषण फैलाने का मामला
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य

रायपुर। बिलासपुर में डीजे से हो रहे ध्वनि प्रदूषण को लेकर उच्च न्यायालय द्वारा स्वत: संज्ञान लेकर दायर की गई जनहित याचिका के सन्दर्भ में रायपुर में भी गणेश विसर्जन के दौरान हुए डीजे के ध्वनि प्रदूषण के मामले में छत्तीसगढ़ नागरिक संघर्ष समिति ने उच्च न्यायालय में हस्तक्षेप याचिका दायर की है। स्वत: संज्ञान में ली गई इस जनहित याचिका की सुनवाई में मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा तथा न्यायमूर्ति नरेश कुमार चंद्रवंशी की युगल पीठ ने शासन से हस्तक्षेप याचिका पर जवाब मांगा है।

रात भर डीजे से परेशान रहे लोग

हस्तक्षेप याचिका में समिति ने पुलिस द्वारा गणेश विसर्जन के रूट का जारी किया गया नक्शा पेश करते हुए बताया कि यहां से कई डीजे रात भर निकलते रहे। लगभग 40 फोटो समिति ने न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किये। समिति के अध्यक्ष विश्वजीत मित्रा ने बताया कि लगभग 100 डीजे एक के पीछे एक वाहनों में रख कर 120 डेसीबल तक की आवाज निकालते हुए पुलिस द्वारा निर्धारित 8 किलोमीटर के मार्ग में सुबह तक जनता को परेशान करते रहे।