Chhattisgarh Politics: छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर राष्ट्रवाद को लेकर बहस छिड़ गई है। केरल में वंदे मातरम् पर मचे घमासान के बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रायपुर लौटते ही बीजेपी पर सीधा हमला बोल दिया है। उन्होंने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को खुली चुनौती दे डाली है। बघेल का यह बयान ऐसे समय पर आया है जब वे दिल्ली में पार्टी के बड़े नेताओं से मिलकर लौटे हैं।

बिना देखे वंदे मातरम् गाकर दिखाएं भाजपाई

रायपुर में पत्रकारों से बात करते हुए भूपेश बघेल काफी आक्रामक नजर आए। उन्होंने बीजेपी नेताओं को चैलेंज किया कि वे एक साथ बिना देखे पूरा वंदे मातरम् गाकर दिखा दें। उनका कहना था कि कांग्रेस के हर छोटे-बड़े कार्यक्रम की शुरुआत इसी राष्ट्रगीत से होती है। जिला स्तर के दफ्तरों में भी इसे नियम से गाया जाता है। वहीं बीजेपी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग पहले कभी इसे गाते तक नहीं थे और आज राष्ट्रवाद का सर्टिफिकेट बांट रहे हैं।

See also  गुण - दोष परखने के बाद ही भूपेश सरकार लेगी शराब बंदी का फैसला

दिल्ली में राहुल और खड़गे से हुई सीक्रेट मीटिंग

बीते शुक्रवार को भूपेश बघेल दिल्ली के दौरे पर थे। वहां उन्होंने कांग्रेस आलाकमान यानी राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की। सूत्रों की मानें तो इस बंद कमरे की बैठक में पंजाब के आगामी चुनावों को लेकर लंबी चर्चा हुई। पंजाब में कांग्रेस की क्या रणनीति होगी और संगठन को कैसे मजबूत करना है, इस पर राहुल गांधी ने बघेल से फीडबैक लिया है। इस बड़ी बैठक के बाद छत्तीसगढ़ के सियासी गलियारों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

जनता कर रही है हिसाब-किताब का इंतजार

केंद्र की मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर बीजेपी देश भर में महाजनसंपर्क अभियान शुरू करने जा रही है। इस पर चुटकी लेते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा को जनता के बीच जरूर जाना चाहिए। लेकिन उन्हें यह नहीं भूलना चाहिए कि जनता उनके जवाब का इंतजार कर रही है। लोग महंगाई, बेरोजगारी पर सवाल पूछेंगे। अब देखना होगा कि रायपुर से लेकर दिल्ली तक गरमाए इस बयान पर बीजेपी क्या पलटवार करती है।

See also  क्रेडा सीईओ ने धमतरी, कांकेर और बालोद के जल जीवन मिशन, सौर सुजला योजना, पीएमश्री स्कूल और बायोगैस के सौर संयंत्रों का किया निरीक्षण

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।