बुधवार, 9 सितंबर 2026 बुध, 9 सित |
संस्करण:
छत्तीसगढ़

CSPGCL Recruitment: छत्तीसगढ़ में बिजली विभाग में निकली सबसे बड़ी भर्ती! 1235 पदों का विज्ञापन जारी, देखें पूरी डिटेल

CSPGCL Recruitment: छत्तीसगढ़ में बिजली विभाग में निकली सबसे बड़ी भर्ती! 1235 पदों का विज्ञापन जारी, देखें पूरी डिटेल
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य

CSPGCL Recruitment: छत्तीसगढ़ में बिजली कंपनियों में बड़े पैमाने पर भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर स्टेट पावर कंपनी की जनरेशन, ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों में कुल 1235 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया गया है।

इसे राज्य गठन के बाद बिजली कंपनियों में अब तक की सबसे बड़ी भर्ती बताया गया है। भर्ती से प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।

1235 पदों पर होगी भर्ती

राज्य में बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। वहीं करीब 67 लाख से अधिक बिजली उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तीनों कंपनियों में मैदानी और तकनीकी अमला बढ़ाया जा रहा है। भर्ती में तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों तरह के पद शामिल हैं। इससे बिजली कंपनियों की कार्यप्रणाली को और मजबूत करने की तैयारी है।

AE, JE से लेकर डाटा एंट्री ऑपरेटर तक पद

जारी विज्ञापन के अनुसार भर्ती में सहायक अभियंता (AE), कनिष्ठ अभियंता (JE), प्लांट अटेंडेंट और डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद शामिल हैं। इसके अलावा चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, फायर ऑफिसर्स और स्टाफ, विधि विभाग, वित्त अधिकारी तथा सुरक्षा विभाग से जुड़े पदों पर भी भर्ती की जाएगी।

श्रेणीवार कितने पद?

कुल 1235 पदों में द्वितीय श्रेणी के 189, तृतीय श्रेणी के 711 और चतुर्थ श्रेणी के 335 पद हैं।

कंपनीवार रिक्तियों का विवरण

  • छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी: 547 पद
  • छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी: 415 पद
  • तीनों कंपनियों के कॉमन कैडर: 177 पद
  • छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी: 96 पद

ऑनलाइन आवेदन की जानकारी वेबसाइट पर

ट्रांसमिशन कंपनी के मुख्य अभियंता मानव संसाधन विभाग की ओर से भर्ती का विज्ञापन जारी किया गया है। भर्ती से जुड़ी पात्रता, विस्तृत जानकारी और ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया CSPC की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी भर्ती की शर्तों और पात्रता की जानकारी देखकर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।