भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम नियुक्ति सांसद रूपकुमारी चौधरी दीपक म्हस्के
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा

BJP New Team: भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय संगठन में लंबे समय से प्रस्तावित बदलाव को अब अमलीजामा पहना दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने 17 अगस्त 2026 को नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा कर दी। जारी नियुक्ति सूची में अनुभवी नेताओं के साथ नए चेहरों को भी अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। नितिन नबीन की नई टीम में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। उनके अलावा विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, डॉ. सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को भी राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।

बता दे कि इससे पहले स्मृति ईरानी और अनुराग ठाकुर को राष्ट्रीय संगठन में अहम भूमिका मिलने की चर्चाएं थीं। हालांकि जारी सूची में राष्ट्रीय महामंत्रियों के रूप में स्मृति ईरानी का नाम शामिल है, जबकि अनुराग ठाकुर का नाम इन तस्वीरों में दिखाई गई राष्ट्रीय पदाधिकारियों की सूची में नहीं है।

रूप कुमारी चौधरी को दी गई बड़ी जिम्मेदारी
नई टीम में छत्तीसगढ़ के लिए खास बात यह है कि भाजपा नेता दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही नई टीम में भाजपा के विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों की भी घोषणा की गई है। युवा मोर्चा की जिम्मेदारी गुजरात के डॉ. हेमांग जोशी को, महिला मोर्चा की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ की रूप कुमारी चौधरी को, ओबीसी मोर्चा की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश के अमरपाल मौर्य को और किसान मोर्चा की जिम्मेदारी मध्य प्रदेश के बंसीलाल गुर्जर को दी गई है। इसके अलावा एससी मोर्चा के अध्यक्ष बिहार के शिवेश कुमार राम, एसटी मोर्चा के अध्यक्ष राजस्थान के डॉ. मन्नालाल रावत और अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष उत्तर प्रदेश के कुंवर बासित अली बनाए गए हैं।

See also  भाइयों ने किया मौत सौदा, पूर्व विधायक के बेटे को उतारा मौत के घाट

13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया
नई राष्ट्रीय टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। इनमें राजस्थान की वसुंधरा राजे सिंधिया, उत्तराखंड के तीरथ सिंह रावत, दिल्ली के राम माधव, ओडिशा के बैजयंत जय पांडा, आंध्र प्रदेश की डी. पुरंदेश्वरी, उत्तर प्रदेश की रेखा वर्मा, गुजरात की वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, महाराष्ट्र की डॉ. भारती पवार, पंजाब के सरदार मनप्रीत सिंह बादल, मध्य प्रदेश के लाल सिंह आर्य, कर्नाटक के प्रो. एम. नागराज, उत्तर प्रदेश के प्रो. तारिक मंसूर और पश्चिम बंगाल की डॉ. मधुचंद कर शामिल हैं।

राष्ट्रीय मंत्रियों की भी घोषणा
भाजपा की नई टीम में 16 राष्ट्रीय मंत्रियों को भी जिम्मेदारी दी गई है। सूची में मध्य प्रदेश की कविता पाटीदार, के. सुरेंद्रन, डॉ. भोला सिंह, डॉ. प्रदीप वर्मा, जयदीश ईश्वरभाई पटेल, डॉ. संदीप पाठक, फांगनोन कोन्याक, संगीता यादव, अनिल एंटनी, डॉ. एम. वेंकटेशन, मनोज टिग्गा, सिद्धार्थ शंभू, डॉ. स्वदेश सिंह, मृगांका देव वर्मन, रोहन गुप्ता और जय प्रकाश के नाम शामिल हैं।

See also  Allegations of Mahila Morcha - पैदल मार्च करते हुए पहुंची राजभवन

मीडिया और सोशल मीडिया टीम में भी बदलाव
भाजपा ने राष्ट्रीय मीडिया संयोजक के तौर पर उत्तराखंड के अजीत बलूनी को जिम्मेदारी दी है। मीडिया सह-संयोजक के रूप में मध्य प्रदेश के आशीष उपाध्याय, दिल्ली के प्रदीप भंडारी और सिद्धार्थ यादव को नियुक्त किया गया है। वहीं सोशल मीडिया संयोजक के तौर पर छत्तीसगढ़ के दीपक म्हस्के को जिम्मेदारी मिली है। उनके साथ महाराष्ट्र की प्रीति गांधी, दिल्ली के शिवानंद द्विवेदी, उत्तराखंड के आलोक भट्ट और हरियाणा के अरुण यादव को सोशल मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है।

बीजेपी की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में छग की उपेक्षा-दीपक बैज


राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की नई कार्यकारिणी में छग से सिर्फ दो ही नेताओं को जगह मिली है। देशभर के लिए 18 विभिन्न प्रकोष्ठों के लिए कार्यकारिणी घोषित की गई है। जिसमें बतौर महिला मोर्चा अध्यक्ष का दायित्व महासमुंद लोकसभा सांसद रूप कुमारी चौधरी को दिया गया है। वहीं, सोशल मीडिया संयोजक के रूप में CGMSC के अध्यक्ष दीपक म्हस्के को जिम्मा दिया गया है। इस पर कांग्रेस ने प्रदेश की उपेक्षा का आरोप लगाया है। PCC चीफ दीपक बैज का कहना है कि बीजेपी की कार्यकारिणी में प्रदेश के बड़े नेताओं की उपेक्षा की गई है।

बृजमोहन, मूणत, अमर की उपेक्षा, गुटबाजी चरम पर-बैज

कार्यकारिणी में बृजमोहन अग्रवाल, अमर अग्रवाल, राजेश मूणत, अजय चंद्राकर और धरम लाल कौशिक किसी को भी जगह नहीं दी गई है। साथ ही बैज ने प्रदेश के बड़े नेताओं की उपेक्षा पर बीजेपी में गुटबाजी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इस सूची से स्पष्ट होता है कि बीजेपी में गुटबाजी अपने चरम पर है। न तो इन नेताओं को मंत्री ही बनाया जा रहा है और न ही संगठन में इन लोगों को कोई तवज्जो दी जा रही है।

See also  DMF SCAM : छत्तीसगढ़ में 10 हजार करोड़ से अधिक का हुआ डीएमएफ घोटाला, पूर्व मंत्री कंवर ने की CBI जांच की मांग

आइए जानते हैं दोनों चयनित नेताओं का देश-प्रदेश में कद

दीपक म्हस्के, अध्यक्ष, CGMSC (राज्य मंत्री दर्जा)
छत्तीसगढ़ में राज्य प्रवक्ता रह चुके हैं
इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड (पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अधीन एक केंद्रीय सरकारी उद्यम) के बोर्ड में गैर-सरकारी/स्वतंत्र निदेशक के रूप रहे
भाजपा के राष्ट्रीय सदस्य के रूप में सोशल मीडिया और पार्टी संचार भूमिकाओं में सक्रिय
करिअर की शुरूआत में कुछ वर्षों तक कॉलेज में रसायन विज्ञान के प्रोफेसर में प्रोफेसर रहे
जैविक खेती में 35+ वर्षों का अनुभव रखने वाले कृषक
डेटा संग्रह, विश्लेषण और शासन संबंधी भूमिकाओं में रुचि

रूपकुमारी चौधरी, सांसद, महासमुंद लोकसभा
बी.ए. (राजनीति विज्ञान), एम.ए. (राजनीति विज्ञान)
राजनैतिक दायित्व
2005-जिला पंचायत सदस्य
2011-जिला महामंत्री भाजपा महिला मोर्चा
2013-विधायक बसना विधानसभा
2014-प्रदेश मंत्री भाजपा छ.ग.
2015-संसदीय सचिव छ.ग. शासन (महिला एवं बाल विकास मंत्रालय)
2019-जिलाध्यक्ष भाजपा, महासमुन्द
2025 से अब तक उपाध्यक्ष

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।