Chhattisgarh School Holiday: छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम की मौजूदा स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार, 26 सितंबर को प्रदेश के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया है। भारी बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव, नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और आवागमन प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए लिया फैसला
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भारी बारिश के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। नदी और नालों का जलस्तर भी बढ़ सकता है। ऐसे में स्कूली बच्चों को किसी तरह का जोखिम न उठाना पड़े, इसे ध्यान में रखते हुए 26 सितंबर को प्रदेशभर के विद्यालयों में अवकाश रखने का निर्णय लिया गया है।
अभिभावकों से घर पर रखने की अपील
मुख्यमंत्री साय ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को घर पर ही रखें। मौसम को देखते हुए सतर्क रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें। उन्होंने लोगों से बारिश के दौरान जरूरी सावधानी बरतने की भी अपील की है।
कलेक्टरों और संबंधित विभागों को निर्देश
बता दें कि दो दिनों से लगातार हो रही बरसात को देखते हुए मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों और सभी जिला कलेक्टरों को पूरी तरह से तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।



