नहीं रहे छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ पत्रकार रमेश नैयर

रायपुर। छत्तीसगढ़ पत्रकारिता जगत से इस वक्त बड़ी खबर आ रही है। वरिष्ठ पत्रकार रमेश नैयर का बुधवार को निधन हो गया। इस खबर के साथ ही पत्रकारिता जगत में शोक की लहर व्याप्त हो गई है। वरिष्ठ पत्रकार रमेश नैयर कई अखबारों में बतौर संपादक अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

बता दें कि रमेश नैयर देश-प्रदेश में अपनी कलम का लोहा मनवाने वाले पत्रकारों में से एक थे। उन्हें प्लानमेन मीडिया हाउस ने ‘रत्न—छत्तीस’ के गौरव से भी सम्मानित किया था। ‘देशबंधु’, ‘युगधर्म’, ‘एम पी क्रॉनिकल’, ‘लोक स्वर’ ‘ट्रिब्यून’ ,’संडे ऑब्जर्वर’ और ‘दैनिक भास्कर’ में लंबे समय तक पत्रकारिता की।

10 फरवरी सन 1940 को गुजरात के कुंजाह ( वर्तमान में पाकिस्तान ) में जन्म लेने वाले रमेश नैयर अपनी निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए पूरे देश में एक मिसाल माने जाते थे।

वरिष्ठ पत्रकार रमेश नैयर का निधन, सीएम बघेल ने जताया शोक

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वरिष्ठ पत्रकार रमेश नैयर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। सीएम बघेल ने कहा है कि स्व. रमेश नैयर ने छत्तीसगढ़ के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी पत्रकारिता के प्रतिमान स्थापित किये हैं। वे अपने कृतित्व और व्यक्तित्व से नयी पीढ़ी के पत्रकारों को हमेशा प्रेरित करते रहेंगे। सीएम बघेल ने स्व. रमेश नैयर के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।

See also  नामांकन भरे जाने के बाद नगरीय निकाय चुनाव की सरगर्मी तेज, भाजपा-कांग्रेस के बीच जुबानी जंग हुई शुरू

रमेश नैय्यर पत्रकारिता के विश्वविद्यालय थे- अरुण साव

रायपुर। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने छत्तीसगढ़ के वरिष्ठतम पत्रकार रमेश नैय्यर के निधन पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा है कि नैय्यर जी पत्रकारिता के विश्वविद्यालय थे। वे देश के मूर्धन्य पत्रकार थे। राष्ट्रीय पत्रकारिता में उनका विशिष्ट योगदान रहा है और छत्तीसगढ़ की पत्रकारिता में उनका अतिविशिष्ट योगदान है,जो अमर है नैय्यर जी ने पत्रकारिता की गरिमा को संवर्धित करते हुए नई पीढ़ी को मार्गदर्शन दिया। वे नैतिक मूल्य आधारित पत्रकारिता के प्रतीक के रूप में सदा सर्वदा स्मरण किये जायेंगे। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनकी कमी शायद कभी पूरी नहीं की जा सकेगी।
मैं भाजपा छत्तीसगढ़ के सभी कार्यकर्ताओं की तरफ से उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करता हूं।

See also  Chhattisgarh Teacher Transfer : लंबे इंतजार के बाद 700 शिक्षकों के तबादले, अब ऑनलाइन आवेदन की तैयारी

रमेश नैय्यर जी का निधन छत्तीसगढ़ प्रदेश के लिए बड़ी क्षति- नारायण चंदेल

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने वरिष्ठ पत्रकार रमेश नैय्यर के निधन पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा है कि उनका निधन छत्तीसगढ़ की सजग पत्रकारिता की अपूरणीय क्षति है। पत्रकार जनता और शासन व्यवस्था के बीच की कड़ी होते हैं। इसलिए नैय्यर जी का अवसान छत्तीसगढ़ की बड़ी क्षति है। उनके सिद्धांत राज्य की समृद्ध पत्रकारिता का मार्गदर्शन करते रहेंगे। ईश्वर उनकी आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।