Rajasthan wedding destination setup and tourism landscape in desert palace
राजस्थान के पारंपरिक और ऐतिहासिक स्थल जो बनेंगे शाही शादियों के नए केंद्र

Chhattisgarh Shala Praveshotsav 2026: छत्तीसगढ़ में सोमवार को आयोजित राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव से पहले एक बड़ा प्रशासनिक फैसला चर्चा का विषय बन गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और लोगों की आवाजाही के लिए आसपास के करीब 50 निजी स्कूलों की बसों का अधिग्रहण किया गया। इसके चलते बस सुविधा प्रभावित होने पर कई निजी स्कूलों को सोमवार के लिए अवकाश घोषित करना पड़ा।

राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, जामगांव (एम) में किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके साथ उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव सहित कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।

बसें गईं तो स्कूलों में नहीं लगी कक्षाएं

कार्यक्रम के लिए निजी स्कूलों की बसों को प्रशासन ने अधिग्रहित किया। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि अधिकांश छात्र बसों से ही स्कूल आते हैं। ऐसे में परिवहन व्यवस्था उपलब्ध नहीं होने के कारण कई निजी स्कूलों में नियमित कक्षाएं संचालित नहीं हो सकीं और छुट्टी घोषित करनी पड़ी।

शिक्षा के आयोजन पर उठे सवाल

शाला प्रवेशोत्सव का उद्देश्य नए विद्यार्थियों का स्वागत कर शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ाना और नामांकन को प्रोत्साहित करना है। हालांकि, इसी आयोजन के लिए निजी स्कूलों की बसें अधिग्रहित होने और कई स्कूलों में अवकाश घोषित होने से इस फैसले पर सवाल भी उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि शिक्षा को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रम के कारण यदि दूसरे स्कूलों की पढ़ाई प्रभावित होती है, तो यह गंभीर विषय है।

कार्यक्रम में कई प्रमुख नेता होंगे शामिल

समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, सांसद विजय बघेल, विभिन्न क्षेत्रों के विधायक, जिला पंचायत और जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे। स्कूल शिक्षा विभाग के अनुसार कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।