Chhattisgarh Shram Yashasvi Award 2025-26: छत्तीसगढ़ शासन के श्रम विभाग ने रामानुज प्रताप सिंहदेव स्मृति श्रम यशस्वी पुरस्कार 2025-26 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।
श्रम के क्षेत्र में उल्लेखनीय और उत्कृष्ट कार्य करने वाले श्रमिकों एवं संस्थाओं को इस पुरस्कार के तहत 2 लाख रुपये की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। पुरस्कार के लिए 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच किए गए कार्यों को आधार बनाया जाएगा।
श्रमिक सुरक्षा और स्वास्थ्य पर रहेगा जोर
पुरस्कार के लिए ऐसे श्रमिकों और संस्थाओं को प्राथमिकता दी जाएगी, जिन्होंने कार्यस्थल पर मजदूरों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए प्रभावी उपाय किए हों। खास तौर पर उन प्रयासों को महत्व दिया जाएगा, जिनके चलते पूरे वर्ष कोई गंभीर दुर्घटना नहीं हुई हो। इसके अलावा कार्यस्थल पर सुरक्षा नियमों के व्यापक प्रचार-प्रसार और सुरक्षित कार्य वातावरण को बढ़ावा देने में उल्लेखनीय योगदान भी पुरस्कार के लिए महत्वपूर्ण आधार होगा। ऐसे प्रयास भी चयन में शामिल होंगे, जिनसे श्रम जगत में छत्तीसगढ़ का नाम गौरवान्वित हुआ हो।
5 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन
पात्र श्रमिक और संस्थाएं 5 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। निर्धारित अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। इच्छुक आवेदक श्रम विभाग की वेबसाइट shramevjayate.cg.gov.in/alankaran.aspx के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। पुरस्कार से जुड़े नियम, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और आवेदन प्रपत्र भी इसी वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकते हैं।
सुरक्षित कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने की पहल
श्रम यशस्वी पुरस्कार का उद्देश्य श्रम के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, श्रमिक सुरक्षा और स्वस्थ कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित करना है। इसके जरिए उन श्रमिकों और संस्थाओं के प्रयासों को पहचान दी जाएगी, जो कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों को मजबूत करने, श्रमिकों के स्वास्थ्य की रक्षा करने और सुरक्षित वातावरण तैयार करने की दिशा में काम कर रहे हैं।



