Chhattisgarh Film City: नवा रायपुर में बन रही चित्रोत्पला फिल्म सिटी परियोजना की धीमी प्रगति पर छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने सख्त रुख अपनाया है। परियोजना की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिलने पर बोर्ड ने निर्माण एजेंसी Eagle Studios Entertainment Limited को औपचारिक नोटिस जारी किया है। संविदात्मक दायित्वों के पालन में कमी को देखते हुए एजेंसी की करीब ₹17 करोड़ की बैंक गारंटी को इनवोक यानी जब्त किए जाने की कार्रवाई को लेकर भी नोटिस दिया गया है।
परियोजना के पहले चरण को 31 मार्च 2027 तक पूरा किया जाना निर्धारित है। टूरिज्म बोर्ड की समीक्षा में सामने आया कि उपलब्ध समय के मुकाबले परियोजना की मौजूदा प्रगति पर्याप्त नहीं है। बोर्ड ने आशंका जताई है कि इसी गति से काम चलता रहा तो तय समयसीमा प्रभावित हो सकती है।
100 एकड़ में विकसित हो रही फिल्म सिटी
चित्रोत्पला फिल्म सिटी नवा रायपुर के माना-तूता क्षेत्र में करीब 100 एकड़ में विकसित की जा रही है। इसे छत्तीसगढ़ में फिल्म निर्माण, फिल्म पर्यटन और क्रिएटिव इंडस्ट्री के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। परियोजना में आधुनिक फिल्म स्टूडियो, इनडोर और आउटडोर शूटिंग सुविधाएं, अलग-अलग तरह के स्थायी सेट और प्री एवं पोस्ट-प्रोडक्शन सुविधाएं विकसित की जानी हैं। फिल्म निर्माण से जुड़ी दूसरी अधोसंरचनाएं भी इसका हिस्सा हैं। इस परियोजना का उद्देश्य छत्तीसगढ़ी सिनेमा को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ दूसरे राज्यों के फिल्म निर्माताओं को भी यहां आकर्षित करना है। इसके जरिए स्थानीय कलाकारों और तकनीकी कर्मियों के लिए अवसर बढ़ाने तथा फिल्म पर्यटन को प्रोत्साहित करने की योजना है।
डिजाइन से लेकर अनुमतियों तक कई कमियां
टूरिज्म बोर्ड की समीक्षा में निर्माण कार्य के पर्याप्त स्तर पर शुरू नहीं होने के साथ परियोजना प्रबंधन और जरूरी अनुमतियों से जुड़ी कमियां भी सामने आईं। इसके बाद एजेंसी को आवश्यक डिजाइन और तकनीकी दस्तावेज समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। बोर्ड ने एजेंसी से संबंधित अनुमतियां हासिल करने, पर्याप्त तकनीकी और पेशेवर अमला तैनात करने तथा साइट पर वास्तविक और सत्यापन योग्य भौतिक प्रगति सुनिश्चित करने को कहा है। नोटिस में साफ किया गया है कि सिर्फ आश्वासन, प्रस्तावित टाइमलाइन या पत्राचार को अनुपालन नहीं माना जाएगा। एजेंसी को जमीन पर वास्तविक और सत्यापन योग्य सुधार दिखाना होगा।
सुधार नहीं हुआ तो अनुबंध खत्म करने की कार्रवाई
टूरिज्म बोर्ड ने एजेंसी को निर्धारित अवधि में संतोषजनक सुधार करने का मौका दिया है। ऐसा नहीं होने पर बैंक गारंटी के इनवोकेशन के साथ अनुबंध समाप्त करने की कार्रवाई की जा सकती है। इसके अलावा अनुबंध और कानून के तहत उपलब्ध अन्य कार्रवाई भी की जा सकती है।
अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे ने कहा कि चित्रोत्पला फिल्म सिटी राज्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली परियोजनाओं में से एक है। इसके क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर कोताही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संबंधित एजेंसी को तय समयसीमा के अनुरूप धरातल पर दिखाई देने वाली ठोस प्रगति सुनिश्चित करनी होगी। संविदात्मक दायित्वों का पालन नहीं होने पर बैंक गारंटी जब्त करने से लेकर अनुबंध के तहत उपलब्ध अन्य कार्रवाई की जाएगी। बोर्ड का लक्ष्य परियोजना को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पूरी जवाबदेही के साथ पूरा करना है।



