News collage representing five major news stories of Chhattisgarh
बीजापुर में नक्सल पीड़ितों का प्रदर्शन, हसदेव में EC को चुनौती और रायपुर में बैरिकेडिंग समेत छत्तीसगढ़ की 5 बड़ी खबरें।

CG Top 5: छत्तीसगढ़ में आज अपराध, सियासत, ट्रैफिक और वन्यजीव से जुड़ी बड़ी खबरें सामने आई हैं। सरगुजा में 13 वर्षीय किशोरी से अनाचार के मामले में समझौते का दबाव बनाने के आरोप में सरपंच समेत 7 लोगों पर केस दर्ज हुआ है। वहीं शिक्षकों के तबादले को लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने हैं। रायपुर में आज तिरंगा यात्रा के चलते कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा।

GPM में आधी रात गर्ल्स हॉस्टल में तीन हाथियों के घुसने से 58 छात्राओं को रेस्क्यू करना पड़ा। इसके अलावा 15 अगस्त को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर में ध्वजारोहण करेंगे, जबकि प्रदेश के 33 जिलों के लिए मुख्य अतिथियों की सूची जारी कर दी गई है।

1. किशोरी से अनाचार मामले में समझौते का दबाव, सरपंच समेत 7 पर केस

सरगुजा के कोतवाली थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय किशोरी से कथित अनाचार के मामले में समझौते का दबाव बनाने का आरोप लगा है। पुलिस ने पीड़ित परिवार पर 8 लाख रुपये में समझौता करने का दबाव बनाने के आरोप में ग्राम पंचायत भफौली के सरपंच जगजीवन राम समेत 7 लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।

2. शिक्षकों के तबादले पर छत्तीसगढ़ में सियासत तेज

छत्तीसगढ़ में करीब 700 शिक्षकों के समन्वय से किए गए तबादलों को लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने हैं। PCC चीफ दीपक बैज ने बिना स्पष्ट तबादला नीति के इतनी बड़ी संख्या में ट्रांसफर किए जाने पर सवाल उठाते हुए इसे ‘वसूली का उद्योग’ बताया है। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने पलटवार करते हुए तबादलों को जरूरत और आवेदन के आधार पर लिया गया फैसला बताया।

3. रायपुर में आज तिरंगा यात्रा, कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट

रायपुर में 10 अगस्त को इंडोर स्टेडियम से सुभाष स्टेडियम तक तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा सुबह 10 बजे शुरू होगी। इसमें स्कूली-कॉलेज छात्रों के साथ बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल होंगे। भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने यात्रा मार्ग पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने और कई जगह ट्रैफिक डायवर्ट करने की व्यवस्था की है।

4. आधी रात गर्ल्स हॉस्टल में घुसे 3 हाथी, 58 छात्राओं का रेस्क्यू

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही में देर रात तीन जंगली हाथी कन्या छात्रावास परिसर में घुस गए। हाथियों ने बाउंड्रीवाल को करीब पांच जगह से नुकसान पहुंचाया। गार्ड रूम के दरवाजे और खिड़कियां भी क्षतिग्रस्त हुईं। सुरक्षा को देखते हुए हॉस्टल में रह रही 58 छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

5. 15 अगस्त को रायपुर में CM साय करेंगे ध्वजारोहण

स्वतंत्रता दिवस 2026 के मुख्य समारोहों को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार ने 33 जिला मुख्यालयों के लिए मुख्य अतिथियों की सूची जारी कर दी है। राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। अन्य जिलों में केंद्रीय मंत्री, उपमुख्यमंत्री, राज्य सरकार के मंत्री, सांसद और विधायक मुख्य अतिथि के तौर पर ध्वजारोहण करेंगे।