Chhattisgarh News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधिमंडल तीन दिवसीय सिंगापुर दौरा पूरा कर 7 अक्टूबर को रायपुर लौट आया। इस दौरान प्रदेश को ₹43,600 करोड़ की निवेश प्रस्ताव मिली हैं। सरकार के अनुसार, किसी एक विदेश यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ को मिली यह अब तक की सबसे बड़ी निवेश कमिटमेंट में शामिल है।
सिंगापुर की एनर्जी कैपिटल ग्लोबल ने छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता का एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस विकसित करने के लिए ₹41,750 करोड़ के निवेश की प्रतिबद्धता जताई है। यह परियोजना प्रदेश को डिजिटल अर्थव्यवस्था और आधुनिक डेटा इन्फ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में एक बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
सौर ऊर्जा और बैटरी भंडारण में ₹1,500 करोड़ का प्रस्ताव
सनस्ट्रीम ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड की ओर से सौर ऊर्जा क्षेत्र के साथ 300 मेगावाट की बैटरी भंडारण क्षमता और संबंधित उपकरणों के लिए ₹1,500 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव सामने आया है। इससे प्रदेश में स्वच्छ ऊर्जा और ऊर्जा भंडारण से जुड़े क्षेत्र को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
कृषि और खाद्य में भी निवेश की तैयारी
22 देशों में कारोबार करने वाले वालेंसी इंटरनेशनल ने एकीकृत कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण और निर्यात केंद्र स्थापित करने के लिए ₹350 करोड़ के निवेश में रुचि दिखाई है। इससे कृषि उत्पादों की प्रसंस्करण क्षमता बढ़ाने, उनकी मूल्य श्रृंखला मजबूत करने और किसानों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के अवसर बन सकते हैं।
युवाओं के लिए कौशल विकास पर समझौता
सिंगापुर की आईटीई एजुकेशन सर्विसेज के साथ छत्तीसगढ़ सरकार ने तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा एवं प्रशिक्षण के लिए समझौता किया है। इसके तहत उद्योगों की जरूरत के मुताबिक पाठ्यक्रम तैयार करने, तकनीकी प्रशिक्षण को मजबूत करने और युवाओं को कौशल के साथ रोजगार से जोड़ने पर काम किया जाएगा।
15 से ज्यादा वैश्विक कंपनियों के साथ निवेश पर चर्चा
मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में आयोजित सीईओ राउंडटेबल में 15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। टीसीएस, एसएमबीसी, टोलाराम ग्रुप और एग्रोकार्प समेत कई कंपनियों के साथ छत्तीसगढ़ में निवेश और व्यावसायिक साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
एआई और डिजिटल वित्त में युवाओं को प्रशिक्षण देने पर जोर
ग्लोबल फाइनेंस एंड टेक्नोलॉजी नेटवर्क के साथ हुई चर्चा में छत्तीसगढ़ के युवाओं को एआई और डिजिटल वित्त का प्रशिक्षण देने की संभावनाओं पर विचार किया गया। साथ ही प्रदेश के स्टार्टअप को वैश्विक निवेशकों और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने की दिशा में भी बातचीत हुई।
नवा रायपुर के बॉटनिकल गार्डन और नंदनवन पर भी चर्चा
सिंगापुर की गार्डन्स बाय द बे के साथ नवा रायपुर में बॉटनिकल गार्डन और शहरी क्षेत्रों में हरित सार्वजनिक स्थलों के विकास को लेकर चर्चा हुई। वहीं मंडाई वाइल्डलाइफ ग्रुप के साथ नंदनवन जंगल सफारी को विश्वस्तरीय वन्यजीव पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर बातचीत हुई।
सिंगापुर के विदेश मंत्री से भी मिले सीएम साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर के विदेश मंत्री डॉ. विवियन बालाकृष्णन से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान निवेश, कौशल विकास, शहरी नियोजन और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ और सिंगापुर के बीच सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।
सीएम बोले- निवेश को जमीन पर उतारना अब अगली चुनौती
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर दौरे को प्रदेश की वैश्विक निवेश यात्रा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ निवेशकों के लिए तैयार है और अब सरकार का फोकस निवेश प्रस्तावों को जल्द से जल्द जमीन पर उतारने पर रहेगा। उनका कहना है कि इन परियोजनाओं से युवाओं के लिए रोजगार और स्थानीय उद्योगों के लिए नए अवसर तैयार होंगे।



