बैज
बैज

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गायों की मौत और तस्करी को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रदेशभर में बड़े आंदोलन का ऐलान किया है।

पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि राज्य से 5 लाख गायें लापता हो गई हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ये गायें कहां गईं और क्या इनके पीछे भाजपा नेताओं की संलिप्तता है। बैज ने पूछा कि गौ रक्षक संगठन और भाजपा के सहयोगी संगठन इस मुद्दे पर चुप क्यों हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय बनाए गए 10 हजार गौठानों को भाजपा ने बंद कर दिया, जिससे गौवंश की स्थिति बिगड़ी। समोदा गांव में 3 दिनों में 40 गायों की भूख से मौत का मामला सामने आया है। इसी तरह खरोरा और गुल्लू गांव में भी कई मौतें हुईं। कांग्रेस ने इसकी जांच के लिए समिति गठित कर दी है।

बैज ने आरोप लगाया है कि भाजपा केवल गौ माता के नाम पर राजनीति करती है, जबकि हकीकत यह है कि पौने दो साल में ढाई हजार से ज्यादा गायों की मौत हो चुकी है।

कांग्रेस ने जारी किया आंकड़ा

  • भूख से 1200 से अधिक मौतें
  • सड़क हादसों में 850 से ज्यादा मौतें
  • जहरीला पदार्थ खाने से 200 से ज्यादा मौतें

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा से जवाब मांगते हुए कहा कि अगर सचमुच गौ माता की चिंता है तो तस्करी रोकने और गौठानों को दोबारा शुरू करने की जिम्मेदारी निभाएं।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।