छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर पर दोबारा खड़ा करने के लिए आज शनिवार, 20 जून से रायपुर के अभनपुर में 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर शुरू करने जा रही है। ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत आयोजित इस हाई-प्रोफाइल शिविर में भाग लेने के लिए प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट रायपुर पहुंच चुके हैं, जबकि कल दिग्गज नेता राहुल गांधी खुद आकर नेताओं को जीत का नया मंत्र देंगे।

10 दिनों तक चलेगी क्लास

दरअसल, यह पूरा कार्यक्रम रायपुर जिले के अभनपुर स्थित आशुतोष-अलका अग्रवाल मंगल भवन (चांदी मोड़) में आयोजित किया जा रहा है। पहले यह ट्रेनिंग 21 से 30 जून तक होनी थी, वक्त पर बदलाव कर इसे 20 से 29 जून तक कर दिया गया है। बिलासपुर, भिलाई, दुर्ग और जगदलपुर समेत प्रदेशभर के सभी नवनियुक्त जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों को इस कड़े शिविर में अनिवार्य रूप से शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं।

गांवों में गुजारनी होगी रात

मिली जानकारी के अनुसार इस बार कांग्रेस ने अपनी रणनीति में बड़ा बदलाव किया है। ट्रेनिंग सिर्फ बंद कमरों या क्लासरूम तक सीमित नहीं रहेगी। कांग्रेस नेताओं को अलग-अलग गांवों में जाकर रुकना होगा और ग्रामीणों के साथ जमीन पर बैठकर वक्त बिताना होगा। इस दौरान नेता गांवों में मनरेगा की असली स्थिति, ग्रामीण अर्थव्यवस्था की चुनौतियां और युवाओं में बढ़ते नशे के प्रभाव जैसे गंभीर स्थानीय मुद्दों की जमीनी हकीकत समझेंगे।

सुबह झंडावंदन, फिर योग और मार्शल आर्ट्स से बढ़ेगा अनुशासन

गौरतलब है कि इस शिविर को पूरी तरह अनुशासन से जोड़ा गया है। रोज सुबह की शुरुआत झंडावंदन से होगी। इसके बाद सभी नेताओं को योग और मार्शल आर्ट्स के कड़े सत्रों से गुजरना होगा। दिल्ली और अन्य राज्यों से आए विशेषज्ञ इन नेताओं को:

  • संगठन प्रबंधन और बूथ मैनेजमेंट के गुर सिखाएंगे।
  • जनसंपर्क और मीडिया हैंडलिंग की बारीकियां बताएंगे।
  • सोशल मीडिया और राजनीतिक घेराबंदी की रणनीति पर चर्चा करेंगे।

राहुल गांधी करेंगे वन-टू-वन बात

पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, शिविर में हर एक जिले की राजनीतिक परिस्थिति, गुटबाजी, संगठन की कमजोरी और आगामी चुनावी चुनौतियों की रिपोर्ट खुद प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट देख रहे हैं। बड़ी बात यह है कि कल राहुल गांधी शिविर में करीब 4 घंटे का लंबा वक्त बिताएंगे। वे जिला अध्यक्षों से सीधे संवाद करेंगे और बस्तर से लेकर सरगुजा तक संगठन को मजबूत करने की नई दिशा तय करेंगे।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है।