बुधवार, 4 नवंबर 2026 बुध, 4 नवं |
संस्करण:
छत्तीसगढ़

कोरोना प्रोटोकॉल की उड़ी धज्जियां, जान को दांव पर रखकर नौकरी पाने उमड़ी बेरोजगारों की भीड़

कोरोना प्रोटोकॉल की उड़ी धज्जियां, जान को दांव पर रखकर नौकरी पाने उमड़ी बेरोजगारों की भीड़
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य
TRP अलर्ट्स

ताज़ा समाचार तुरंत पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें

रायपुर। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के कार्यालय में 202 अस्थाई पदों पर मेडिकल और नॉन मेडिकल स्टाफ की भर्ती की जा रही है। मंगलवार को इस प्रक्रिया का पहला दिन था। इस दौरान इंटरव्यू देने के लिए बेरोजगारों की भीड़ टूट पड़ी। हजार से ज्यादा की संख्या में लोग यहां पहुंच गए।

भीड़ को स्वास्थ्य विभाग का अमला संभाल न सका। कई बार फॉर्म और आवेदकों के रजिस्ट्रेशन कांउटर को बंद करना पड़ा। अब मंगलवार को होने वाले इंटरव्यू को टालकर इसे बुधवार को आयोजित किया जाएगा, पहले दिन सिर्फ युवक युवतियों को आवेदन फॉर्म दिए गए। ये फॉर्म भी करीब 500 लोगों को भीड़ की वजह से मिल ही नहीं पाए।

सोशल डिस्टेंसिंग का कोई पालन नहीं

रायपुर के स्वास्थ्य विभाग को इस भीड़ का अंदाजा था, मगर किसी तरह का इंतेजाम नहीं दिखा, जिससे भीड़ पर काबू पाया जा सके। जबकि खुद चीफ मेडिकल अफसर दफ्तर की निगरानी में शहर में कोविड प्रोटोकॉल का पालन करवाया जा रहा है। मगर भीड़ को यहां संभाला नहीं जा सका। कार्यालय के बाहर की सड़क बाइक से भर गई, जिससे जाम के हालात बने। खास बात ये है कि भर्ती कोविड ड्यूटी के लिए करवाई जा रही है, मगर यहां भीड़ की वजह से कोविड प्रोटोकॉल मजाक बन गया।

कर्मचारियों के हाथ से फॉर्म छीनने झूमा-झटकी

कोई किसी को धक्का दे रहा था तो किसी को बाइक पार्क करने की जगह नहीं मिली। छोटे बच्चों के साथ आई महिलाएं भीड़ देखकर हड़बड़ा गईं, फॉर्म हासिल करना किसी जंग को जीतने से कम नहीं था। जब कर्मचारी आवेदन का फॉर्म लेकर आए तो भीड़ टूट पड़ी, लोगों ने कर्मचारियों के हाथ से फॉर्म छीनना शुरू कर दिया। कुछ फॉर्म फट भी गए। भीड़ में गुस्साए लोगों ने एक दूसरे के साथ झूमा-झटकी भी की। जहां तक नजर गई सिर्फ भीड़ दिखी, जिसमें हर कोई बस आगे जाकर काउंटर तक पहुंचने के लिए कुछ भी करने को तैयार था।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटर, यूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्राम, कू और वॉट्सएप, पर
…

Pushpanjali sahu
लेखक / पत्रकार:

Pushpanjali sahu

विशेष संवाददाता

The Rural Press के लिए निष्पक्ष, निर्भीक और जनसरोकार से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्टिंग।

The Rural Press सम्पादकीय दल सभी खबरें देखें →
विज्ञापन