रायपुर। आईईडी धमाके में घायल सीआरपीएफ 195 बटालियन के जवान आलम मुनेश से उप मुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा ने शनिवार को मुलाकात की। देवेंद्र नगर स्थित श्री नारायणा अस्पताल में भर्ती जवान का हाल जानने के बाद उन्होंने कहा कि जवान का बायां पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति खतरे से बाहर है।

शर्मा ने जवान के परिजनों से भी मुलाकात की और उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार की ओर से हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि नक्सल संगठन की सीसी मेंबर सुजाता ने हाल ही में तेलंगाना में आत्मसमर्पण किया है। शर्मा ने कहा कि अब नक्सलियों के बीच सीसी मेंबर बेहद कम रह गए हैं और वे भी समझ रहे हैं कि मुख्यधारा से जुड़ना ही सही रास्ता है।

गृहमंत्री विजय शर्मा ने दावा किया कि नई सरकार बनने के बाद बस्तर में अब तक करीब 1300 लोग पुनर्वासित हुए हैं। लगभग 1250 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है और 400 से ज्यादा नक्सली मारे गए हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले चार से छह महीनों में इस अभियान की रफ्तार और तेज होगी।

See also  बोरे में मिली बच्ची के मामले में खुलासा, दुष्कर्म के बाद हत्या की नियत से बोरे में भरकर फेंक दिया था आरोपी ने, पुलिस ने गिरफ्तार कर निकाला जुलूस

बस्तर दशहरा को लेकर उन्होंने कहा कि मुरिया दरबार के समय केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आने की संभावना है। मांझी चाहते हैं कि अमित शाह इस ऐतिहासिक पर्व में शामिल हों।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।