Chhattisgarh ED Raid: छत्तीसगढ़ में शराब घोटाला मामले में ED की कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने गुरुवार सुबह रायपुर, दुर्ग-भिलाई और धमतरी में कई ठिकानों पर दबिश दी। अलग-अलग स्थानों पर ED के अधिकारी दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं। रायपुर में कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल के अनुपम नगर स्थित निवास और उनके करीबी कारोबारी अनूप अग्रवाल के रवि नगर स्थित घर पर जांच चल रही है। वहीं धमतरी में भी रामगोपाल अग्रवाल के आवास और उनके भतीजे के घर पर टीम पहुंची है।
रायपुर में रामगोपाल अग्रवाल और अनूप अग्रवाल के घर जांच
रायपुर में ED की टीम ने कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल के अनुपम नगर स्थित निवास पर दबिश दी। टीम घर के अंदर दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच कर रही है। इसके अलावा रवि नगर स्थित कारोबारी अनूप अग्रवाल के घर पर भी ED की टीम पहुंची। अनूप अग्रवाल को रामगोपाल अग्रवाल का करीबी माना जाता है। सुबह ED की टीम उनके घर पहुंची और जांच शुरू की। रामगोपाल अग्रवाल को करीब 8 दिन पहले ED ने गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें रायपुर कोर्ट में पेश किया गया था।
धमतरी में भी ED की कार्रवाई
धमतरी में भी ED की टीम ने रामगोपाल अग्रवाल के सिहावा रोड स्थित आवास पर दबिश दी। उनके भतीजे के घर पर भी जांच की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, तड़के पहुंची ED की टीम में करीब 8 से 10 अधिकारी शामिल हैं। अधिकारी घर के अंदर दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं। रामगोपाल अग्रवाल का नाम शराब, कोल और कस्टम मिलिंग घोटाले से जुड़े मामले में आरोपी के तौर पर सामने आया है।
ED की कार्रवाई के बाद घर के बाहर जुटे कांग्रेसी
धमतरी में रामगोपाल अग्रवाल के घर ED की दबिश की जानकारी सामने आने के बाद कांग्रेस में हलचल तेज हो गई। कार्रवाई की सूचना मिलते ही विधायक ओंकार साहू, धमतरी शहर ब्लॉक अध्यक्ष, पूर्व जिला अध्यक्ष, पूर्व महापौर समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता उनके निवास के बाहर पहुंच गए। रामगोपाल अग्रवाल के भतीजे के घर के बाहर भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के पहुंचने से मौके पर राजनीतिक हलचल बढ़ गई।
दुर्ग में बिल्डर सजल जैन और विश्वास गुप्ता के घर भी रेड
दुर्ग में ED की टीम ने बिल्डर सजल जैन और विश्वास गुप्ता के घर भी सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच दबिश दी। यहां करीब 5 अधिकारियों की टीम जांच कर रही है। हालांकि, दुर्ग में की गई कार्रवाई किस मामले से जुड़ी है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
सुरक्षा बल के जवान तैनात
ED की कार्रवाई के दौरान सभी संबंधित ठिकानों पर सुरक्षा व्यवस्था भी की गई है। सुरक्षा बल के जवान मौके पर तैनात हैं। धमतरी में ED की टीम दो गाड़ियों में पहुंची और इसके बाद घर के अंदर जांच शुरू की गई। फिलहाल अलग-अलग ठिकानों पर ED की जांच जारी है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही जांच में सामने आए दस्तावेजों और अन्य जानकारी को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


