SSR to replace SIR: छत्तीसगढ़ समेत देश के 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूची को फिर से अपडेट किया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR – Special Summary Revision) कराने का निर्देश दिया है। इसके तहत नए मतदाताओं के नाम जोड़े जाएंगे, गलतियों में सुधार होगा और आपत्तियों का निपटारा होगा।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर उठे सवालों और विवादों के बीच आयोग ने SSR का रास्ता चुना है। दोनों में बड़ा अंतर है – SIR में BLO घर-घर जाकर सत्यापन करते हैं, जबकि SSR में ऐसा कोई अभियान नहीं चलता। SSR में प्रारूप सूची जारी होने के बाद लोगों से दावे-आपत्तियां मांगी जाती हैं और अधिकारी जांच कर फैसला लेते हैं।
12 नवंबर को ड्राफ्ट, 4 जनवरी 2027 को फाइनल लिस्ट
आयोग के शेड्यूल के अनुसार:
- 2 नवंबर तक: मतदान केंद्रों के पुनर्गठन का काम पूरा
- 12 नवंबर: प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन
- 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक: नाम जोड़ने, सुधार और आपत्ति के लिए आवेदन
- 28 दिसंबर तक: सभी दावों-आपत्तियों का निपटारा
- 4 जनवरी 2027: अंतिम वोटर लिस्ट का प्रकाशन
18 साल के युवाओं के लिए मौका
इस बार फोकस युवाओं पर है। जो युवा 1 जनवरी 2027 तक 18 साल के हो जाएंगे, वे फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वा सकेंगे। नाम-पते में गलती सुधारने के लिए फॉर्म-8 भरना होगा। वहीं 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2027 को 18 साल पूरे करने वाले युवा भी एडवांस में आवेदन कर सकेंगे, लेकिन फैसला उनकी पात्रता तिथि पर होगा।
राजनीतिक दलों को मिलेगी सर्चेबल PDF वोटर लिस्ट
इस बार आयोग ने बड़ा बदलाव किया है। अब राजनीतिक दलों को बिना फोटो वाली, लेकिन सर्चेबल PDF लिस्ट दी जाएगी, जिसमें नाम आसानी से खोजे जा सकेंगे। पहले इमेज वाली PDF दी जाती थी, जिससे मिलान करना मुश्किल होता था।
किन-किन राज्यों में होगा SSR?
छत्तीसगढ़ के अलावा मध्य प्रदेश, राजस्थान, यूपी, उत्तराखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, पंजाब, गुजरात, गोवा, केरल, तमिलनाडु, मणिपुर, असम, पुडुचेरी, लक्षद्वीप और अंडमान-निकोबार में यह प्रक्रिया चलेगी। दिल्ली, महाराष्ट्र, हरियाणा, कर्नाटक, ओडिशा, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में कार्यक्रम बाद में घोषित होगा।
पारदर्शिता भी बड़ी चुनौती
आयोग का कहना है कि कोई पात्र मतदाता न छूटे और अपात्र का नाम न जुड़े, यही लक्ष्य है। लेकिन नाम जोड़ने-हटाने को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। इसलिए केवल अपडेट ही नहीं, दावों के निपटारे में पारदर्शिता भी जरूरी होगी।
FAQ: अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
Q. SSR और SIR में क्या अंतर है?
SIR में BLO घर-घर जाकर सत्यापन करते हैं, जबकि SSR में प्रारूप सूची जारी कर दावे-आपत्तियां मांगी जाती हैं।
Q. अंतिम वोटर लिस्ट कब आएगी?
4 जनवरी 2027 को अंतिम सूची प्रकाशित होगी।
Q. 18 साल के युवा कैसे आवेदन करेंगे?
फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम जुड़वा सकते हैं।



