बुधवार, 4 नवंबर 2026 बुध, 4 नवं |
संस्करण:
छत्तीसगढ़

जनसुनवाई में प्लांट के विरोध के बीच गिर पड़ा किसान, हार्ट अटैक से हुई मौत, प्लांट की खिलाफत करने पहुंचे हजारों प्रभावित किसान

जनसुनवाई में प्लांट के विरोध के बीच गिर पड़ा किसान, हार्ट अटैक से हुई मौत, प्लांट की खिलाफत करने पहुंचे हजारों प्रभावित किसान
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य
TRP अलर्ट्स

ताज़ा समाचार तुरंत पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें

रायगढ़। जिले में एक और प्लांट के लिए जनसुनवाई हुई। इस दौरान हुई दुखद घटना से किसान काफी गुस्से में हैं। यहां खरसिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कुनकुनी में आयोजित जनसुनवाई के दौरान हार्ट अटैक से एक किसान की मौत हो गई।

कुनकुनी में सार स्टील एन्ड पावर लिमिटेड की जनसुनवाई आयोजित की गई थी। हार्ट अटैक आने के बाद किसान को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए खरसिया सिविल अस्पताल भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि मृतक किसान गौरीशंकर पटेल अपने बेटे के साथ पेशी में खरसिया गया था। लौटते समय वो जनसुनवाई में पहुंचा था, तभी उसे हार्ट अटैक आ गया। वो वहां जमीन पर गिर पड़ा। ये देख उसके बेटे और अन्य लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने कहा कि उसकी मौत हार्ट अटैक से हुई है। वहीं खरसिया थाना पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया।

स्टील और पॉवर प्लांट लगाने का है प्रस्ताव

रायगढ़ जिले के ग्राम कुनकुनी में मेसर्स सार स्टील एंड पावर लिमिटेड की जनसुनवाई आयोजित की गई थी। जिसमें स्टील का 9 लाख मीट्रिक उत्पादन करने की बात कही गई। साथ ही 24 मेगावाट बिजली के पावर प्लांट को लेकर भी जनसुनवाई हुई।

आदिवासियों की है पूरी जमीन

खरसिया क्षेत्र पहले से ही काफी प्रदूषित रहा है। महत्वपूर्ण बात यह है कि खरसिया क्षेत्र के ग्राम कुनकुनी में आदिवासियों की जमीन का 170 (ख) का मामला चल रहा है, जो कमिश्नर राजस्व के यहां विचाराधीन है। यहां के आदिवासियों की जमीन पर अभी तक कोई अंतिम निर्णय नहीं हो पाया है। जनसुनवाई में मौजूद लोगों ने बताया कि दोपहर 2 बजे के करीब गौरीशंकर पटेल (55 साल) उनके सामने ही कुर्सी से गिरा और उसकी मौत हो गई।

जमीन को लेकर परेशान था गौरीशंकर

गौरीशंकर के परिजनों ने बताया कि उसकी कुछ जमीनों पर बेजा कब्ज़ा हो गया है, जिसको लेकर न्यायालय में प्रकरण चल रहा है और यह किसान बार-बार की होने वाली परेशानी से भी तनाव में था। वह न्यायालय से ही पेशी करके जनसुनवाई स्थल पर पहुंचा था। चूंकि अब उसकी जमीन प्लांट के अधीन जा रही है, इस वजह से वह और भी परेशान था, और इसी दौरान उसे हार्ट अटैक आया।

प्लांट का जमकर हुआ विरोध

मेसर्स सार स्टील पावर लिमिटेड के प्लांट यहां लगने से खरसिया क्षेत्र के कुनकुनी, रजघट्टा, रानीसागर, चपले, बड़े डूमरपाली, छोटे डूमरपाली, बेंदाझरिया, आमापाली, खैरपाली के अलावा बसनाझर प्रभावित होंगे। इसी का विरोध दर्ज कराने शुक्रवार को सैकड़ों की संख्या में अलग-अलग गांव के ग्रामीण जनसुनवाई स्थल पर पहुंचे थे। जनसुनवाई के दौरान 90 प्रतिशत से भी अधिक किसानों ने प्लांट का जमकर विरोध किया। बताया जा रहा है कि कुनकुनी में लग रही सार स्टील कंपनी की ईआईए रिपोर्ट में कई तथ्यों को छुपाया गया है, जिसमें पर्यटन स्थल रामझरना व सिंघनपुर गुफा सहित आसपास के कई क्षेत्रों का भी जिक्र नहीं किया गया है। जिसमें प्रदूषण के चलते इन क्षेत्रों का विनाश होने की आशंका है।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटर, यूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्राम, कू
 पर

Shami Imam
लेखक / पत्रकार:

Shami Imam

संभागीय प्रमुख व वरिष्ठ संवाददाता

बस्तर व सरगुजा अंचल के दूरस्थ क्षेत्रों से जनमुद्दों और जनसमस्याओं पर बेबाक रिपोर्टिंग।

The Rural Press सम्पादकीय दल सभी खबरें देखें →
विज्ञापन