टीआरपी डेस्क। वन विश्राम गृह से जुड़े कथित अश्लील डांस वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बड़ा फैसला लिया गया हैं। प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख, छत्तीसगढ़ द्वारा राज्य के सभी वन निरीक्षण कुटीरों और वन विश्राम गृहों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं। इस संबंध में 12 जनवरी 2026 को सभी मुख्य वन संरक्षकों और वनमंडल अधिकारियों को आदेश जारी किया गया है।

जारी आदेश में कहा गया है कि राज्य के विभिन्न वन निरीक्षण कुटीरों और वन विश्राम गृहों में अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजनों का नियमित आवागमन होता है। ऐसे में सुरक्षा, अनुशासन, संपत्ति संरक्षण और किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति की रोकथाम के लिए इन परिसरों में सीसीटीवी कैमरे लगाया जाना आवश्यक है।

निर्देश के अनुसार संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत स्थित सभी वन निरीक्षण कुटीरों और वन विश्राम गृहों का परीक्षण कर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की कार्ययोजना तैयार करेंगे। कैमरे प्रवेश द्वार, रिसेप्शन, पार्किंग, कॉरिडोर और अन्य संवेदनशील स्थानों पर लगाए जाएंगे। इसके साथ ही कैमरों की नियमित निगरानी, रिकॉर्डिंग और रखरखाव की जिम्मेदारी भी स्पष्ट रूप से निर्धारित की जाएगी।

आदेश में यह भी कहा गया है कि वन विश्राम गृहों और निरीक्षण कुटीरों में ठहरने वाले व्यक्तियों की पहचान अनिवार्य रूप से आधार कार्ड के माध्यम से की जाए और उसका विवरण रजिस्टर में दर्ज किया जाए। इससे अनधिकृत प्रवेश पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सकेगा।

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में किसी भी वन निरीक्षण कुटीर या वन विश्राम गृह में अनधिकृत प्रवेश या नियमों के उल्लंघन की घटना सामने आती है, तो संबंधित अधिकारी और कर्मचारी जिम्मेदार माने जाएंगे। ऐसे मामलों में छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।