बुधवार, 4 नवंबर 2026 बुध, 4 नवं |
संस्करण:
छत्तीसगढ़

स्कूली छात्रों को जापान जाने का अच्छा मौका! इंस्पायर अवॉर्ड के लिए 53,398 रजिस्ट्रेशन, बेहतर आइडिया में सरकार करेगी निवेश

स्कूली छात्रों को जापान जाने का अच्छा मौका! इंस्पायर अवॉर्ड के लिए 53,398 रजिस्ट्रेशन, बेहतर आइडिया में सरकार करेगी निवेश
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य
TRP अलर्ट्स

ताज़ा समाचार तुरंत पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें

रायपुर। प्रदेश भर के विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रूचि और रूझान बढ़ानेे, उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण और तर्क क्षमता का विकास करने इंस्पायर अवॉर्ड के लिए पंजीयन जारी है।

70 हजार पंजीयन का विभाग ने रखा लक्ष्य

शिक्षा विभाग ने इस साल 70 हजार पंजीयन का लक्ष्य रखा है। अभी तक 53 हजार 398 विद्यार्थी पंजीयन करा चुके हैं। इसमें राष्ट्रीय स्तर पर चयनित विद्यार्थियों को सरकार जापान घुमाने ले जाएगी। विज्ञान मॉडल और विचारों को बेहतर बनाने के लिए केंद्र सरकार निवेश भी करेगी।

कक्षा 6वीं से 10वीं तक के विद्यार्थी होंगे शामिल

लोक शिक्षा आयुक्त डॉ. कमलप्रीत सिंह ने बताया, इंस्पायर अवॉर्ड केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग और नवप्रवर्तन प्रतिष्ठान से संचालित होता है। इसमें राज्य के सभी विद्यालयों से कक्षा 6वीं से 10वीं तक के विद्यार्थी शामिल हो सकते हैं। प्रत्येक माध्यमिक स्तर के विद्यालय से तीन और हाई स्कूल स्तर के विद्यालय से दो नए आइडिया का पंजीयन कराया जा सकता है।

ऐसे विद्यालय जहां पूर्व माध्यमिक तथा हाई स्कूल एक साथ संचालित हों, वहां से पांच नए आइडिया का पंजीयन कराया जा सकता है। संबंधित विद्यालय के प्रधान पाठक अथवा प्राचार्य द्वारा या संस्था के विज्ञान शिक्षक के सहयोग से पंजीयन की प्रक्रिया पूर्ण कराई जाती है। पंजीकृत आइडिया या प्रोजेक्ट को भारतीय नव प्रवर्तन प्रतिष्ठान (NIF) अपने मानकों पर परखता है।

वहां से चयन होने के बाद प्रतिभागी को 10 हजार रुपए की मदद दी जाती है, ताकि वह अपना मॉडल बना सके। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में चयनित विद्यार्थियों को सकुरा अवॉर्ड योजना के तहत जापान भ्रमण पर भेजा जाता है।

जिलास्तर से शुरू होती है वैज्ञानिक विचारों और मॉडल की प्रतियोगिता

वैज्ञानिक विचारों और मॉडल की यह प्रतियोगिता जिलास्तर से शुरू होती है। चयनित विद्यार्थी अपने मॉडल के साथ जिलास्तरीय प्रदर्शनी में भाग लेते हैं। यहां से चयन के बाद संभागस्तर और फिर राज्यस्तर पर प्रतियोगिता होती है।

राज्यस्तरीय जीते तो IIT-NIT में प्रशिक्षण

राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के बाद चुने गए विद्यार्थियों को मेंटरशिप कार्यक्रम से जोड़ा जाता है। NIF ऐसे विद्यार्थियों के लिए प्रदेश के बाहर किसी IIT या NIT में प्रशिक्षण कराती है। इसमें आइडिया और मॉडल को बेहतर बनाने पर काम होता है। यह दो या तीन दिन का आवासीय प्रशिक्षण है। इसमें शामिल प्रतिभागियों को अपने प्रोजेक्ट मॉडल को और अच्छा बनाने अथवा सुधारने के लिए अधिकतम 50 हजार रुपए तक की मदद की जाती है।

दिल्ली में होती है राष्ट्रीय प्रतियोगिता

मेंटरशिप कार्यक्रम के बाद नई दिल्ली में नेशनल प्रतियोगिता होती है। इसमें चयनित श्रेष्ठ 60 मॉडल प्रोजेक्ट का प्रदर्शन राष्ट्रपति भवन में फेस्टिवल ऑफ इनोवेशन (नवप्रवर्तन) उत्सव में किया जाता है। यहां प्रतिभागियों को राष्ट्रपति के साथ मिलने और बात करने का अवसर भी मिलता है।

इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश हेतु दिया जाता है छूट

अधिकारियों ने बताया, इंस्पायर अवॉर्ड की राष्ट्रीय प्रदर्शनी में शामिल सभी प्रतिभागियों को देश के कुछ प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश में 6 अंक अतिरिक्त मिलता है। राष्ट्रीय प्रदर्शनी में पुरस्कार प्राप्त प्रतिभागियों को 10 अंक का प्रावधान है। यह प्रतिभागी के करियर के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण हो सकता है।

The Rural Press ब्यूरो
लेखक / पत्रकार:

The Rural Press ब्यूरो

सम्पादकीय डेस्क (The Rural Press Editorial Team)

The Rural Press की विशेष सम्पादकीय एवं ग्रामीण खोजी पत्रकारिता टीम। जमीनी मुद्दों, कृषि संकट और निष्पक्ष जनसरोकार की विश्वसनीय रिपोर्टिंग।

The Rural Press सम्पादकीय दल सभी खबरें देखें →
विज्ञापन