रायपुर। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आ रही है। डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में सोमवार को अचानक बॉयलर फटने से भीषण हादसा हो गया। इस धमाके की चपेट में आने से 3 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि दो दर्जन से ज्यादा कामगार गंभीर रूप से झुलस गए हैं।

प्लांट में मची अफरा-तफरी

दरअसल, हादसा इतना भीषण था कि धमाके की आवाज दूर-तक सुनाई दी। बॉयलर फटने के बाद प्लांट परिसर में चीख-पुकार मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सूत्रों ने बताया कि उस वक्त कई मजदूर वहां ड्यूटी पर तैनात थे। घायलों को आनन-फानन में एम्बुलेंस के जरिए पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई मजदूरों की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।

मौके पर पहुंचे बड़े अधिकारी

गौरतलब है कि घटना की सूचना मिलते ही सक्ती जिला प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी दलबल के साथ सिंघीतराई के लिए रवाना हो गए हैं। सूत्रों के अनुसार प्लांट के अंदर राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। मलबे में अभी कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। मृतकों की संख्या बढ़ने का अंदेशा है क्योंकि घायलों में 5-6 मजदूरों की स्थिति क्रिटिकल बताई जा रही है।

प्रशासन की जांच शुरू

बता दें कि अभी तक हादसे के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रथम दृष्टया इसे तकनीकी खामी या सुरक्षा मानकों में अनदेखी से जोड़कर देखा जा रहा है। डभरा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और प्लांट के सुरक्षा अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।