बुधवार, 4 नवंबर 2026 बुध, 4 नवं |
संस्करण:
छत्तीसगढ़

बालोद में भीषण सड़क हादसा: कार और बाइक की जोरदार भिड़ंत में तीन युवकों की दर्दनाक मौत

बालोद में भीषण सड़क हादसा: कार और बाइक की जोरदार भिड़ंत में तीन युवकों की दर्दनाक मौत
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य
TRP अलर्ट्स

ताज़ा समाचार तुरंत पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें

टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र के खैरडीह गांव के पास शनिवार को एक कार और मोटरसाइकिल के बीच हुई सीधी भिड़ंत में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और सवार तीनों युवकों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

मृतकों की पहचान 20 वर्षीय तरुण कुमार यादव, 20 वर्षीय राहुल सेवता (दोनों निवासी सीर्राभाठा) और 21 वर्षीय नरेंद्र भुआर्य (निवासी मुड़खुसरा) के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, कार दल्लीराजहरा से राजनांदगांव की ओर तेज रफ्तार में जा रही थी, वहीं बाइक सवार युवक देवरी की दिशा से डौंडीलोहारा की ओर आ रहे थे। खैरडीह गांव के समीप मुख्य मार्ग पर दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक तीनों युवक दम तोड़ चुके थे।

हादसे की सूचना मिलते ही डौंडीलोहारा पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मरच्यूरी भेजा है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहन परिचालन माना जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की विस्तृत विवेचना शुरू कर दी है। परिजनों के पहुंचने के बाद क्षेत्र में गमगीन माहौल बना हुआ है।

प्रशासन ने एक बार फिर वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और मोड़ व बस्तियों के पास रफ्तार कम रखने की अपील की है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या कार चालक ने ओवरटेक करने की कोशिश की थी या सड़क की खराब स्थिति हादसे का कारण बनी। फिलहाल मृतकों के गांव में मातम पसरा हुआ है।

Deeksha Mishra
लेखक / पत्रकार:

Deeksha Mishra

कृषि एवं ग्रामीण विकास विशेष संवाददाता

The Rural Press में कृषि संकट, किसान आंदोलन, ग्रामीण विकास एवं स्थानीय प्रशासन पर केंद्रित विशेष खोजी रिपोर्टिंग।

The Rural Press सम्पादकीय दल सभी खबरें देखें →
विज्ञापन