Chhattisgarh Weather Update: छत्तीसगढ़ में गुरुवार को भी बारिश का दौर जारी रहने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। रायपुर समेत कई जिलों में तेज हवाओं को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।
कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इन इलाकों में तेज हवाएं चलने के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा।
जानिए रायपुर में कैसा रहेगा मौसम ?
मौसम विभाग ने रायपुर जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, राजनांदगांव, रायगढ़, कोरबा और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही समेत कई जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में हवा की गति 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
बंगाल की खाड़ी के मौसम तंत्र का असर
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने मौसम तंत्र का असर छत्तीसगढ़ में दिखाई दे रहा है। 24 सितंबर को दक्षिणी हिस्से में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं 24 और 25 सितंबर को मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटे में जगदलपुर में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान जगदलपुर में 29.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। यहां अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा। रायपुर-लालपुर में 4.9 मिलीमीटर और बिलासपुर में 7.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
27 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 27 सितंबर तक बारिश का सिलसिला बने रहने की संभावना है। 27 सितंबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है। इसके बाद 28 और 29 सितंबर को भी कई इलाकों में बारिश हो सकती है, हालांकि इन दिनों के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।



