Insect in sambar chutney: कोरबा के एनटीपीसी जमनीपाली स्थित लक्ष्मी डेयरी में ग्राहकों को परोसे गए सांभर में कीड़े मिलने से हड़कंप मच गया। नाश्ता करने पहुंचे ग्राहकों ने जब सांभर में कीड़े देखे तो इसकी शिकायत खाद्य सुरक्षा विभाग से की मगर अफसरों के नहीं पहुंचने पर पुलिस को तलब किया गया।

मिठाई की दुकान में टॉयलेट में बर्तन की सफाई करते पकडे जाने के बाद कोरबा के लक्ष्मी डेयरी में नाश्ते के दौरान चटनी में कीड़ा मिलने से ग्राहक भड़क गए। इससे पहले भी इस डेयरी में खाद्य सामग्री में कीड़े मिलने की शिकायत सामने आ चुकी है। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने डेयरी संचालक को कड़ी फटकार लगाई और मामले की शिकायत की।

चटनी में कीड़ा देखकर दुकानदार को बुलाया
जिले के दर्री स्थित लक्ष्मी डेयरी एंड क्रीमरी होटल में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर शिकायत सामने आई है। यहां एक ग्राहक नाश्ता कर रहा था, तभी सांभर-चटनी में कीड़ा मिला। ग्राहक ने इसकी शिकायत दुकानदार से की, लेकिन दुकानदार ने शिकायत को अनदेखा कर दिया। इसके बाद ग्राहक ने सबसे पहले वीडियो बनाया फिर खाद्य विभाग के अफसरों से इसकी शिकायत की। मगर जब संबंधित विभाग के अफसर नहीं पहुंचे तब वीडियो के साथ दर्री थाने में मामले की शिकायत की गई।

तहसीलदार के साथ पहुंचे एसडीओपी
इस वाकये की सूचना मिलने के बाद कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत, दर्री तहसीलदार और दर्री थाना पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और होटल की जांच की।
सांभर बड़े में भी मिला फफूंद, पसरी मिली गंदगी
जांच के दौरान होटल में रखे सांभर बड़े पर फफूंद लगी मिली, वहीं फ्रिज में रखा बासी सांभर और चटनी भी नजर आया। यहाँ खाद्य पदार्थ पूरी तरह असुरक्षित पाया गया।

रसोई में पसरी गंदगी देख भड़के अफसर
इसके बाद अधिकारियों ने होटल की रसोई का निरीक्षण किया। वहां भारी गंदगी पसरी हुई थी। किचन की स्थिति देखकर अधिकारी भड़क गए। इस स्थिति को लेकर मौके पर मौजूद लोगों ने भी नाराजगी जताई।
डेयरी संचालक को जारी किया नोटिस
घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों में दर्री तहसील के नायब तहसीलदार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए डेयरी की जांच की और कार्रवाई की गई। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई में लापरवाही को लेकर डेयरी संचालक से जवाब-तलब किया गया।

टॉयलेट में बर्तन सफाई का मामला आया था सामने
गौरतलब है कि कोरबा के निहारिका स्थित न्यू दिल्ली स्वीट्स में कुछ दिन पहले शौचालय में बर्तन धोने का वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद खाद्य विभाग ने कार्रवाई की थी। अब दर्री के होटल में खाद्य पदार्थों को लेकर शिकायत सामने आने से शहर के होटल और खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई तथा खाद्य सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
FAQ: कोरबा लक्ष्मी डेयरी में सांभर में कीड़ा
Q1. कोरबा में सांभर में कीड़ा कहां मिला?
कोरबा के दर्री स्थित एनटीपीसी जमनीपाली के पास लक्ष्मी डेयरी एंड क्रीमरी होटल में ग्राहक को परोसे गए सांभर-चटनी में कीड़ा मिला।
Q2. ग्राहक ने क्या किया?
ग्राहक ने पहले दुकानदार से शिकायत की, लेकिन दुकानदार ने अनदेखा कर दिया। इसके बाद ग्राहक ने वीडियो बनाकर पहले खाद्य सुरक्षा विभाग और फिर दर्री थाने में शिकायत की।
Q3. प्रशासन ने क्या कार्रवाई की?
सूचना पर कटघोरा SDOP विजय सिंह राजपूत, दर्री तहसीलदार और दर्री थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने होटल पर छापा मारा और जांच की।
Q4. जांच में क्या मिला?
जांच में सांभर बड़े पर फफूंद लगी मिली, फ्रिज में बासी सांभर-चटनी रखी थी और रसोई में भारी गंदगी पसरी थी। खाद्य पदार्थ असुरक्षित पाए गए।
Q5. क्या पहले भी ऐसी घटना हुई है?
हां, कुछ दिन पहले निहारिका स्थित न्यू दिल्ली स्वीट्स में शौचालय में बर्तन धोने का वीडियो वायरल हुआ था। लक्ष्मी डेयरी में भी पहले कीड़े मिलने की शिकायत आ चुकी है।



