राजधानी रायपुर के उत्तर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक पुरंदर मिश्रा के साथ हुई ठगी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बड़े नेता का पीए (PA) बनकर पैसे ठगने वाले शातिर आरोपी सहदेव मालिक को पुलिस ने उड़ीसा से गिरफ्तार कर लिया है और खम्हारडीह पुलिस की टीम उसे लेकर रायपुर पहुंच चुकी है।

जानकारी के अनुसार, शातिर ठग सहदेव मालिक को उड़ीसा के पुरी जिले के अंतर्गत आने वाले अस्तरंग थाना क्षेत्र से घेराबंदी कर दबोचा गया है। आरोपी बेहद चालाकी से वारदात को अंजाम देता था। उसने अपने सोशल मीडिया हैंडल्स और ट्रूकॉलर प्रोफाइल पर देश व राज्यों के बड़े राजनीतिक नेताओं की तस्वीरें लगा रखी थीं, जिससे सामने वाले को कोई शक न हो।

ठगी के दौरान आरोपी ने विधायक पुरंदर मिश्रा से उड़िया भाषा में बातचीत की, जिससे विधायक का भरोसा पूरी तरह जीत लिया गया। आरोपी ने खुद को मुसीबत में बताते हुए नाटक रचा कि वह संबलपुर के घने जंगल में फंसा हुआ है और उसकी गाड़ी व डीजल की समस्या के समाधान के लिए तत्काल पैसों की जरूरत है। उसकी बातों में आकर झांसे में आए विधायक से उसने 10,000 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। जब विधायक को बाद में ठगी का अहसास हुआ, तो उन्होंने तत्काल रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र में आधिकारिक प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है।