टीआरपी। MP hospitals refused treatment, found new life in Ambedkar : हृदय रोग से पीड़ित मध्यप्रदेश निवासी 60 वर्षीय मरीज के परिजन निराश थे। क्योंकि मध्यप्रदेश के ही कई बड़े अस्पतालों ने एंजियोप्लास्टी करने से मना कर दिया था। इस बीच मरीज के परिजनों को एक करीबी रिश्तेदार से पता चला कि छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित पं. जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय स्थित एडवांस कार्डियक इंस्टीट्यूट (एसीआई) में कुछ वर्ष पूर्व एक मरीज के जटिल हृदय रोग का सफल उपचार किया गया है। इसी भरोसे के साथ परिजन मरीज को लेकर रायपुर पहुंचे। डॉक्टरों ने इलाज कर मरीज को नया जीवन दिया।


कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. स्मित श्रीवास्तव के नेतृत्व में राइट फीमोरल एंजियोप्लास्टी के जरिए मरीज की ब्लॉक हो चुकी नसों को खोला गया। फिलहाल मरीज पूरी तरह स्वस्थ है और जल्द ही उन्हें डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि डीन डॉ. विवेक चौधरी ने मरीज की स्थिति को देखते हुए विभाग को शीघ्र एंजियोप्लास्टी करने के निर्देश दिए। पूरी टीम जुट गई और ऑपरेशन सफल रहा।


पाँच वर्ष पूर्व भी मध्यप्रदेश से आए एक मरीज की सफल लेजर एंजियोप्लास्टी की गई थी। इस बार भी कठोर ब्लॉकेज को देखते हुए लेजर की तैयारी की गई थी, किंतु सौभाग्य से सामान्य एंजियोप्लास्टी से ही सफल परिणाम मिल गए। मरीज के हृदय की 100ः ब्लॉक हो चुकी चार नसों की सफल एंजियोप्लास्टी की गई।

रिपोर्टर श्रवण शर्मा 28 वर्षों से पत्रकारिता जगत में कार्यरत हैं। पूर्व में लगभग 7 वर्षो तक दिल्ली के प्रतिष्ठित अखबारों में पत्रकार के रूप में कार्य किया। इसके पश्चात विगत 21 वर्षों से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कार्यरत हैं। दैनिक जागरण ग्रुप के नईदुनिया संस्थान में 17 वर्ष तक कार्य किया। वर्तमान में टीआरपी न्यूज में गत वर्ष से कार्य कर रहे हैं।
पत्रकारिता जगत में राजनीतिक खबरों से लेकर खेल, धर्म-समाज, पर्यटन, संस्कृति, पुरातत्व, समाज एवं कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, बाल संरक्षण आयोग, महिला आयोग, सहित विविध विभागों की रिपोर्टिंग का अनुभव रहा है। पत्रकारिता का मुख्य उद्देश्य सामाजिक क्षेत्र में बदलाव और आम जनता की समस्याओं को सटीक रूप से उजागर करना है।