बुधवार, 4 नवंबर 2026 बुध, 4 नवं |
संस्करण:
छत्तीसगढ़

Mungeli Murder Case:1.20 लाख में सुपारी देकर कराई थी तुलसी साहू की हत्या, मुख्य आरोपी समेत 5 गिरफ्तार, जानें क्या है मामला

Mungeli Murder Case:1.20 लाख में सुपारी देकर कराई थी तुलसी साहू की हत्या, मुख्य आरोपी समेत 5 गिरफ्तार, जानें क्या है मामला
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य
TRP अलर्ट्स

ताज़ा समाचार तुरंत पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में सरपंच चुनाव की पुरानी रंजिश के चलते एक दिल दहला देने वाली वारदात का खुलासा हुआ है। वर्ष 2025 में हुए सरपंच चुनाव में हार की खुन्नस निकालते हुए मुख्य आरोपी ने 1.20 लाख रुपये की सुपारी देकर तुलसी साहू की निर्मम हत्या करवा दी थी। पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए मुख्य आरोपी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

चुनाव में हार की टीस बनी हत्या की वजह

पुलिस जांच में सामने आया कि सरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पेण्ड्री 'स' के रहने वाले धनीराम साहू ने 2025 में सरपंच पद का चुनाव लड़ा था, जिसमें वह महज 8-9 वोटों से हार गया था। मृतक तुलसी साहू इस चुनाव में मतगणना अभिकर्ता था। मुख्य आरोपी को शक था कि तुलसी ने जानबूझकर उसके वोट निरस्त करवाए थे, जिससे उसे हार का सामना करना पड़ा। इसी रंजिश के चलते उसने तुलसी को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची।

1.20 लाख में तय हुई थी सुपारी, 70 हजार दिए थे एडवांस

मुख्य आरोपी धनीराम साहू ने ओमनारायण राजपूत के जरिए हत्या की सुपारी दी थी। इसके लिए कुल 1.20 लाख रुपये तय हुए थे, जिसमें से 70 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बचे हुए 10 हजार रुपये भी बरामद कर लिया है।

अपहरण कर पंप हाउस में घोंटा गला

25 अक्टूबर को तुलसी साहू अपने घर से मोटरसाइकिल से निकले थे। रास्ते में आरोपियों ने उन्हें जबरन कार में अगवा कर लिया और सरगांव के पास एक पंप हाउस ले गए। वहां उनके हाथ-पैर बांधकर गला घोंटकर हत्या कर दी गई। इसके बाद सबूत मिटाने के लिए शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया, मोबाइल दूर फेंक दिया गया और मृतक के कपड़े व अन्य सामान पोल्ट्री फार्म के पीछे छिपा दिए गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इस ब्लाइंड मर्डर का पर्दाफाश किया है।

TRP Desk S
लेखक / पत्रकार:

TRP Desk S

विशेष संवाददाता

The Rural Press के लिए निष्पक्ष, निर्भीक और जनसरोकार से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्टिंग।

The Rural Press सम्पादकीय दल सभी खबरें देखें →
विज्ञापन