शुक्रवार, 23 अक्तूबर 2026 शुक्र, 23 अक्तू॰ |
संस्करण:
ब्रेकिंग न्यूज़
छत्तीसगढ़

Chief Secretaries Conference: मुख्य सचिवों के राष्ट्रीय सम्मेलन की तैयारियों को लेकर छत्तीसगढ़ में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक

Chief Secretaries Conference: मुख्य सचिवों के राष्ट्रीय सम्मेलन में छत्तीसगढ़ की प्रमुख उपलब्धियों और नवाचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए आज मंत्रालय महानदी भवन में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में पिछले सम्मेलन के निर्णयों पर ‘एक्शन ट्रैकिंग एंड मॉनिटरिंग सिस्टम’ […]

High level review meeting chaired by Chhattisgarh Chief Secretary Vikas Sheel at Mahanadi Bhawan
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य

Chief Secretaries Conference: मुख्य सचिवों के राष्ट्रीय सम्मेलन में छत्तीसगढ़ की प्रमुख उपलब्धियों और नवाचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए आज मंत्रालय महानदी भवन में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई।

मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में पिछले सम्मेलन के निर्णयों पर ‘एक्शन ट्रैकिंग एंड मॉनिटरिंग सिस्टम’ के जरिए हुई प्रगति का जायजा लिया गया। इसके साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे सुधारात्मक कार्यों की समीक्षा की गई।

शिक्षा, स्वास्थ्य और कौशल विकास पर विशेष जोर

बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने सभी विभागीय सचिवों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राज्य के उत्कृष्ट कार्यों और गुणात्मक बदलावों को राष्ट्रीय मंच पर प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाए। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और कौशल विकास जैसे जनकल्याणकारी क्षेत्रों में हासिल सफलताओं का ब्योरा निर्धारित समय-सीमा के भीतर तैयार करने को कहा, ताकि छत्तीसगढ़ के सकारात्मक प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा जा सके।

आंगनबाड़ी केंद्रों में संचालित ‘खिलौना बैंक’ की अनूठी पहल

समीक्षा बैठक में राज्य के आंगनबाड़ी केंद्रों में चलाए जा रहे ‘खिलौना बैंक’ कार्यक्रम की विशेष रूप से तारीफ की गई। इस नवाचार के तहत आम नागरिक अपने बच्चों के इस्तेमाल किए हुए खिलौने दान करते हैं, जिसका उपयोग आंगनबाड़ी के बच्चों के मानसिक विकास और कुपोषण के प्रति जागरूकता फैलाने में किया जाता है। राज्य में अब तक इस सराहनीय पहल के माध्यम से 1 लाख से अधिक खिलौने एकत्र किए जा चुके हैं।

‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्यों पर केंद्रित रहेंगे चार प्रमुख सत्र

बैठक में अवगत कराया गया कि आगामी राष्ट्रीय सम्मेलन में ‘विकसित भारत 2047’ के विजन को ध्यान में रखते हुए चार प्रमुख विषयों पर सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें आर्थिक विकास को गति देने में खनन क्षेत्र की भूमिका, सुशासन में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल, आधारभूत ढांचे का समयबद्ध निर्माण, स्वास्थ्य एवं पोषण सुरक्षा, गैर-कृषि उपयोग में उर्वरक दुरुपयोग पर रोक तथा प्राकृतिक गैस को बढ़ावा देने जैसे अहम बिंदु शामिल हैं।

बैठक में शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

इस महत्वपूर्ण बैठक में नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार, खाद्य विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले, मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, कौशल विकास विभाग के सचिव बसवराजू एस., राजस्व विभाग की सचिव शम्मी आबिदी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, आदिम जाति विभाग के सचिव भूवनेश यादव, जल संसाधन विभाग के सचिव राजेश सुकुमार टोप्पो, स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, गृह विभाग की सचिव नेहा, तथा मुख्यमंत्री के विशेष सचिव एवं आयुक्त जनसंपर्क रजत बंसल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Shravan Sharma
लेखक / पत्रकार:

Shravan Sharma

विशेष संवाददाता (Special Correspondent)

वरिष्ठ न्यूज़ रिपोर्टर, The Rural Press

The Rural Press के लिए निष्पक्ष और निर्भीक रिपोर्टिंग।

विज्ञापन