Nava Raipur Blue Water Mine fencing and safety measures
Nava Raipur Blue Water Mine fencing and safety measures

Nava Raipur Blue Water Mine: नवा रायपुर के नकटी स्थित ब्लू वाटर खदान में लगातार हो रही मौतों को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार ने अब सख्त कदम उठाने का फैसला किया है। आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने बताया कि ब्लू वाटर खदान को प्रतिबंधित किया जाएगा और खदानों के चारों ओर फेंसिंग कराई जाएगी। इसके लिए बाहर से आई टीम लगातार काम कर रही है।

नवा रायपुर के ब्लू वाटर खदान में हादसों के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। अब सरकार ने यहां लोगों की आवाजाही रोकने के लिए खदान को प्रतिबंधित करने का फैसला लिया है। मंत्री टंक राम वर्मा ने बताया कि खदानों के चारों तरफ फेंसिंग की जाएगी, ताकि लोग यहां पहुंचकर किसी तरह की दुर्घटना का शिकार न हों।

पेपर लीक मामले में दोषियों पर कार्रवाई का दावा

मंत्री टंक राम वर्मा ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में सामने आए पेपर लीक मामले पर भी बात की। उन्होंने कहा कि मामले में जो भी दोषी होगा, उसे छोड़ा नहीं जाएगा। सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि सरकार परीक्षा प्रणाली को साफ-सुथरा रखना चाहती है। पेपर लीक जैसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

युवाओं से संवाद पर भी बोले मंत्री

छत्तीसगढ़ के मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के युवाओं से संवाद को लेकर भी टंक राम वर्मा ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा में ले जाने की जरूरत है। इसके लिए युवाओं की बात सुनना जरूरी है। मंत्री ने कहा कि अगर युवाओं की समस्याएं नहीं सुनी जाएंगी, तो उनका समाधान कैसे निकलेगा। उन्होंने युवाओं के साथ संवाद को जरूरी बताया।

रायपुर एम्स के दीक्षांत समारोह पर क्या बोले?

रायपुर एम्स के दीक्षांत समारोह के आमंत्रण पत्र में स्थानीय सांसद, विधायक और महापौर का नाम नहीं होने के सवाल पर उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि उन्हें कार्यक्रम की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करते समय प्रोटोकॉल का ध्यान रखा जाता है। इस मामले में कार्यक्रम कौन तैयार करता है, इसकी जानकारी भी उन्होंने नहीं होने की बात कही।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।