Dr. Meena Gupta missing after floods at the Nepal-Tibet border.
Dr. Meena Gupta missing after floods at the Nepal-Tibet border.

Nepal Flood: अंबिकापुर के वरिष्ठ भाजपा नेता करताराम गुप्ता की बेटी और इंग्लैंड में चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. मीना गुप्ता नेपाल-तिब्बत सीमा पर आई भीषण बाढ़ के बाद से लापता हैं। परिवार के मुताबिक, कैलाश मानसरोवर यात्रा पूरी करने के बाद 25 अगस्त को वह करीब 80 सदस्यीय दल के साथ नेपाल-तिब्बत सीमा स्थित आव्रजन कार्यालय पहुंची थीं।

इसी दौरान अचानक आई बाढ़ में तीन मंजिला इमारत ढह गई। इसके बाद से डॉ. मीना समेत दल के करीब 80 लोगों से संपर्क नहीं हो पा रहा है।

14 अगस्त को पहुंची थीं दिल्ली

डॉ. मीना गुप्ता इंग्लैंड के टोरकी में चर्म रोग विशेषज्ञ के तौर पर काम करती हैं। वह 14 अगस्त को दिल्ली पहुंची थीं। इसके बाद एक आध्यात्मिक गुरु के साथ करीब 80 लोगों के दल में काठमांडू गईं। दल ने 23 अगस्त को कैलाश मानसरोवर यात्रा पूरी की थी। इसके दो दिन बाद 25 अगस्त को नेपाल-तिब्बत सीमा पर आव्रजन संबंधी औपचारिकताओं के लिए दल पहुंचा था। इसी दौरान अचानक आई बाढ़ ने इलाके में भारी तबाही मचा दी। बाढ़ के कारण तीन मंजिला इमारत ढह गई। इसके बाद संचार व्यवस्था भी ठप हो गई। परिवार का डॉ. मीना से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है।

रक्षाबंधन पर दिल्ली में मिलना था

परिजनों के मुताबिक, डॉ. मीना ने परिवार को भी कैलाश मानसरोवर यात्रा पर साथ चलने के लिए कहा था, लेकिन वे उनके साथ नहीं जा सके। रक्षाबंधन पर दिल्ली में बेटी से मिलने की योजना थी। परिवार को उम्मीद थी कि यात्रा पूरी करने के बाद डॉ. मीना से मुलाकात होगी। लेकिन इससे पहले ही नेपाल से आई बाढ़ और तबाही की खबर ने चिंता बढ़ा दी।

होलीक्रॉस स्कूल से हुई शुरुआती पढ़ाई

डॉ. मीना की प्रारंभिक शिक्षा अंबिकापुर के होलीक्रॉस स्कूल में हुई है। परिवार अब उनकी सकुशल वापसी की उम्मीद कर रहा है। फिलहाल परिवार की नजर किसी ऐसी सूचना पर टिकी है, जिससे डॉ. मीना और उनके साथ यात्रा कर रहे लोगों के सुरक्षित होने की पुष्टि हो सके।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।