रायपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया और प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा रविवार देर रात राजधानी रायपुर पहुंच चुके हैं। वे आज नवा रायपुर में चल रहे कांग्रेस जिला अध्यक्षों के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के भव्य समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे।

एयरपोर्ट पर संघ पर बरसे खेड़ा, कहा- इतिहास में इनका कोई योगदान नहीं

दरअसल, स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए पवन खेड़ा ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार के महात्मा गांधी को लेकर दिए गए हालिया बयान पर तीखा पलटवार किया। खेड़ा ने साफ लहजे में कहा कि देश के स्वतंत्रता आंदोलन और गौरवशाली इतिहास में संघ का कभी कोई योगदान नहीं रहा है।

राम मंदिर ट्रस्ट को घेरा

गौरतलब है कि पवन खेड़ा ने अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े कथित चोरी के मामले को लेकर मंदिर ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर भी कई गंभीर सवाल खड़े किए।

उन्होंने इस मामले में सीधे प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) को घेरते हुए मुख्य बिंदु उठाए- राम मंदिर ट्रस्ट पूरी तरह से आरएसएस की सोच और देखरेख में बना है, जिस पर सीधे पीएमओ की नजर रही है। अयोध्या से लेकर उज्जैन के महाकाल लोक तक जो भी घटनाएं सामने आई हैं, वे संघ की कार्यप्रणाली को उजागर करती हैं। भगवान राम के नाम पर किसी भी तरह का भ्रष्टाचार स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि संघ के विवादित बयानों पर समय खराब करने के बजाय कांग्रेस जनता से जुड़े असली मुद्दों पर ध्यान देती रहेगी।

राहुल गांधी के बाद अब खेड़ा देंगे गुरुमंत्र, आज शाम होगा शिविर का समापन

इस प्रशिक्षण शिविर में पिछले कई दिनों से पूरे छत्तीसगढ़ के जिला अध्यक्षों को मजबूत संगठन, मीडिया मैनेजमेंट और आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर कड़ा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इससे पहले खुद राहुल गांधी ने इस शिविर में शामिल होकर कलेक्टोरेट से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के सीक्रेट टिप्स दिए थे। सोशल मीडिया के इस दौर में पवन खेड़ा ने इस शिविर को बेहद जरूरी बताया। आज शाम वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में इस 10 दिवसीय शिविर का विधिवत समापन होगा।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है।