बुधवार, 4 नवंबर 2026 बुध, 4 नवं |
संस्करण:
छत्तीसगढ़

कांकेर की भूमिका से पीएम ने पूछा- और किस चीज के लिए होता है महुए का उपयोग, फिर गूंज उठे ठहाके

कांकेर की भूमिका से पीएम ने पूछा- और किस चीज के लिए होता है महुए का उपयोग, फिर गूंज उठे ठहाके
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य
TRP अलर्ट्स

ताज़ा समाचार तुरंत पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत छत्तीसगढ़ में आयोजित किए जा रहे शिविरों में योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए आज उत्तर बस्तर कांकेर जिले के हितग्राहियों से वर्चुअल चर्चा कर रहे थे।

उत्तर बस्तर कांकेर जिले में आयोजित की जा रही विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत ग्राम मनकेसरी में आयोजित शिविर में योजनाओं के लाभार्थियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों में निवासरत लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने विभिन्न योजनाएं बनाई गई हैं। आम लोगों के विकास के लिए सरकार कटिबद्ध है।

इस दौरान मोदी ने प्रधानमंत्री जनमन योजना का भी जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें प्रसन्नता है कि उनकी सरकार को आदिवासी समाज के निचले स्तर पर जाकर काम करने का मौका मिला।

विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत ग्राम मनकेसरी में लगाए गए शिविर में ग्राम भानबेड़ा की भूमिका भूआर्य से उन्होंने वर्चुअल चर्चा की। कुमारी भूमिका ने प्रधानमंत्री को बताया कि उनके गांव में 29 समूह हैं और वन धन विकास केंद्र के माध्यम से लघु वनोपज संग्रहण का काम समूह की महिलाओं द्वारा किया जा रहा है, जिसका सभी को लाभ मिल रहा है। महुआ के लड्डू और आंवले का अचार बनाकर बेचा जाता है। पीएम के पूछने पर भूमिका ने बताया कि महुआ के लड्डू बनाकर समूह द्वारा 700 रुपए प्रति किलो की दर से बेचा जाता है।

वर्चुअल संवाद के दौरान हितग्राही भूमिका से प्रधानमंत्री ने पूछा कि और किस चीज के लिए महुए का उपयोग होता है, जिस पर भूमिका सहित मौजूद सभी लोगों के ठहाके से कार्यक्रम स्थल गूंज उठा।

प्रधानमंत्री से चर्चा के दौरान भूमिका ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, मनरेगा, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना आदि का भी लाभ मिल रहा है। भूमिका ने बताया कि योजनाओं की जानकारी माता पिता के माध्यम से मिली। उन्होंने यह भी बताया कि वह और उनका छोटा भाई कॉलेज में अध्ययनरत हैं। इस पर प्रधानमंत्री ने भूमिका के जागरूक माता पिता को प्रणाम करते हुए कहा कि उनकी जागरूकता के कारण ही बच्चे उच्च शिक्षा का लाभ ले रहे हैं।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटर, यूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्राम, कू
 पर

Rverma
लेखक / पत्रकार:

Rverma

विशेष संवाददाता

The Rural Press के लिए निष्पक्ष, निर्भीक और जनसरोकार से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्टिंग।

The Rural Press सम्पादकीय दल सभी खबरें देखें →
विज्ञापन