Mann ki Baat: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित निरंजन धर्मशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 137वीं कड़ी का श्रवण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी का देश के 140 करोड़ नागरिकों से आत्मीय संवाद का सशक्त माध्यम है।
इसके जरिए दूरस्थ गांवों और छोटे क्षेत्रों में बिना किसी प्रचार के निस्वार्थ भाव से समाज एवं राष्ट्रहित में कार्य करने वाले लोगों को राष्ट्रीय पहचान मिलती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देशवासियों को हर माह के अंतिम रविवार को प्रसारित होने वाले इस कार्यक्रम का इंतजार रहता है, जिससे सकारात्मकता और जनभागीदारी की भावना मजबूत होती है।
‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ और स्वच्छता का संकल्प
कार्यक्रम में दिए गए संदेशों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री साय ने ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ के संकल्प में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति विकसित भारत की नींव है और युवाओं को नशे से दूर रखना परिवार, समाज व राष्ट्र की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा रेखांकित स्वच्छता के महत्व पर बल देते हुए कहा कि स्वच्छता को केवल सरकारी अभियान न मानकर जन-जन का संकल्प बनाना होगा। जब नागरिक स्वयं अपने परिवेश को स्वच्छ रखने का संकल्प लेते हैं, तो जीवन की गुणवत्ता में स्थायी और सकारात्मक बदलाव आता है।
पीएम स्वनिधि और ‘हर घर तिरंगा’ से मजबूत हुआ राष्ट्रप्रेम
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से मातृशक्ति के आर्थिक सशक्तीकरण की चर्चा का समर्थन किया। उन्होंने बताया कि इस योजना के लाभार्थियों में लगभग 46 प्रतिशत महिलाएं हैं और देशभर में करीब 35 लाख महिलाएं अपने छोटे व्यवसायों को नई दिशा दे रही हैं। इसके अलावा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 8 करोड़ से अधिक देशवासियों द्वारा तिरंगे के साथ अपनी फोटो अपलोड करना राष्ट्रध्वज के प्रति उनके गहरे भावनात्मक जुड़ाव और राष्ट्रप्रेम को प्रदर्शित करता है।
अंतरिक्ष विज्ञान में बेटियों की उड़ान और छत्तीसगढ़ का गौरव
मुख्यमंत्री साय ने मिशन शक्ति सैट के जरिए अंतरिक्ष विज्ञान में बेटियों की बढ़ती भागीदारी पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि इस वैश्विक पहल में छत्तीसगढ़ की बेटी महिमा राजपूत की भागीदारी पूरे प्रदेश के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री ने महिमा राजपूत को बधाई देते हुए कहा कि राज्य की बेटियां शिक्षा, विज्ञान, खेल और तकनीक के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि बस्तर ओलंपिक से लेकर मल्हार के प्राचीन ताम्रपत्रों और काले हिरण के संरक्षण तक, पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ में हमेशा छत्तीसगढ़ की धरोहर और नवाचारों को राष्ट्रीय मंच प्रदान किया है।


