रायपुर। छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा की पहल पर राज्यभर की जेलों में एक विशेष आयोजन के तहत कैदियों को गंगा जल से स्नान कराया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य कैदियों को आध्यात्मिक शांति प्रदान करना और उनके नैतिक उत्थान को बढ़ावा देना था। महाकुंभ के पावन अवसर पर यह आयोजन 5 सेंट्रल जेल, 20 जिला जेल और 8 सब-जेल में किया गया, जिसमें हजारों कैदी शामिल हुए।

आध्यात्मिकता और सुधार की ओर एक कदम

जेल प्रशासन द्वारा इस अनूठी पहल के लिए विशेष व्यवस्था की गई। स्नान से पहले विधिवत पूजा-पाठ किया गया, जिससे कैदियों में उत्साह देखने को मिला। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि सरकार सुधार और पुनर्वास की दिशा में आगे भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करेगी, जिससे कैदियों को एक सकारात्मक दिशा दी जा सके।

18,500 से अधिक कैदियों ने लिया भाग

गृहमंत्री विजय शर्मा स्वयं प्रयागराज से गंगाजल लेकर आए, जिसे राज्यभर की जेलों में वितरित किया गया। इस ऐतिहासिक आयोजन में 18,500 से अधिक कैदियों ने गंगा जल से स्नान किया, जिनमें रायपुर सेंट्रल जेल के 3,000 से अधिक कैदी भी शामिल रहे। सरकार का मानना है कि इस पहल से कैदियों में आत्मशुद्धि और मानसिक शांति की भावना विकसित होगी।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।