टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर से मौसम करवट लेने जा रहा है। मंगलवार देर शाम से कई जिलों में तेज बारिश देखने को मिली, वहीं बुधवार (11 जून) से पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में इजाफा होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने प्रदेशभर के लिए अलर्ट जारी किया है।

रायपुर में बदला मौसम का मिजाज

राजधानी रायपुर में मंगलवार को गरज-चमक के साथ करीब एक घंटे तक तेज बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को भी रायपुर में बादल छाए रहेंगे और शाम के समय बारिश की संभावना जताई गई है। यहां अधिकतम तापमान 39°C और न्यूनतम 27°C के आसपास रह सकता है।

मौसम विभाग की चेतावनी

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से करीब 0.9 किमी की ऊंचाई पर ऊपरी हवा में चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है। इसके चलते कई इलाकों में तेज हवा (40–50 किमी/घंटा), गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की आशंका है।

मानसून की सुस्त चाल में आई हलचल

बता दें कि 26 मई के बाद से प्रदेश में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ी हुई थी। केवल बस्तर अंचल के कुछ हिस्सों तक ही मानसून सक्रिय हो पाया था। अब मौसम विभाग का अनुमान है कि 11 जून से पूरे प्रदेश में बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।