रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र में सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर ठगी का एक और मामला सामने आया है। जालसाजों ने एक अतिथि शिक्षक को छत्तीसगढ़ बीज निगम में सचिव के पद पर नियुक्ति दिलाने का झांसा देकर 5 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता सुमित महिलांगे (32), जो वर्तमान में शासकीय कृषि महाविद्यालय जगदलपुर में अतिथि शिक्षक हैं, ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2024 में नारायणपुर में पदस्थापना के दौरान उनकी मुलाकात राधा कश्यप और निशिकांत बेदालकर से हुई थी।

आरोपी राधा कश्यप ने खुद को बड़े अधिकारियों का करीबी बताते हुए दावा किया कि वह बीज निगम में सचिव बनवा सकती है, जिसके लिए 15 लाख रुपये लगेंगे। सुमित उनके झांसे में आ गया और पहली किस्त के रूप में 5 लाख रुपये आरोपियों को सौंप दिए।

करीब डेढ़ साल बीत जाने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगी, तो सुमित ने अपने पैसे वापस मांगे। आरोपियों ने लंबे समय तक कोई रिस्पॉन्स नहीं दिया। बार-बार दबाव बनाने पर आरोपियों ने 2 लाख रुपये तो लौटा दिए, लेकिन शेष 3 लाख रुपये देने से साफ इनकार कर दिया और बदसलूकी की।

इस मामले में तेलीबांधा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।