Chhattisgarh electricity connection eKYC online
छत्तीसगढ़ में 1 सितंबर से बिजली उपभोक्ताओं के लिए eKYC प्रक्रिया शुरू, नाम का मिलान होना जरूरी।

CG Electricity Connection eKYC: छत्तीसगढ़ में बिजली उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी (eKYC) की प्रक्रिया 1 सितंबर से शुरू होने जा रही है। खास बात यह है कि इसका दायरा सिर्फ घरेलू बिजली कनेक्शनों तक सीमित नहीं रहेगा। गैर-घरेलू, कृषि, औद्योगिक, सड़क बत्ती और नलजल समेत बिजली कनेक्शन की सभी श्रेणियों के उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी करानी होगी।

ई-केवाईसी के दौरान उपभोक्ता की पहचान और बिजली कनेक्शन से जुड़ी जानकारी का आधार के जरिए सत्यापन किया जाएगा। इसके लिए बिजली कंपनी के रिकॉर्ड में दर्ज नाम और आधार कार्ड में मौजूद नाम का पूरी तरह मिलान होना जरूरी है। नाम में किसी तरह का अंतर होने पर प्रमाणीकरण सफल नहीं होगा।

नाम में गलती है तो पहले कराएं सुधार
अगर बिजली कनेक्शन के रिकॉर्ड और आधार कार्ड में नाम अलग-अलग दर्ज है, तो उपभोक्ता को पहले बिजली कंपनी के अभिलेख में सुधार कराना होगा। वर्तनी की गलती, पूरा नाम अलग होना, उपनाम में अंतर या नाम परिवर्तन जैसी स्थिति में पहले रिकॉर्ड दुरुस्त कराना जरूरी होगा। इसके बाद ही ई-केवाईसी पूरी हो सकेगी।

See also  तिरुपति-रक्सौल समर स्पेशल ट्रेन: रायपुर और बिलासपुर के यात्रियों को मिलेगी राहत, जानें समय-सारणी

घर बैठे मोर बिजली एप से होगी ई-केवाईसी
उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात यह है कि ई-केवाईसी कराने के लिए हर किसी को बिजली कार्यालय जाने की जरूरत नहीं होगी। उपभोक्ता मोर बिजली एप के जरिए घर बैठे आधार प्रमाणीकरण कर सकेंगे। ऑनलाइन प्रक्रिया में परेशानी होने पर संबंधित वितरण केंद्र या जोन कार्यालय में जाकर भी ई-केवाईसी कराई जा सकेगी।

मीटर रीडर भी करेंगे मदद
बिजली कंपनी ने ई-केवाईसी की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए मीटर रीडरों को भी उपभोक्ताओं से संपर्क कर सहयोग करने के निर्देश दिए हैं। कार्यालयों में अधिकृत कर्मचारी प्रकाश एप के ई-केवाईसी पोर्टल के माध्यम से उपभोक्ताओं का सत्यापन करेंगे।

ई-केवाईसी के लिए नहीं देना होगा कोई शुल्क
ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क रहेगी। बिजली कंपनी इसके लिए उपभोक्ताओं से कोई शुल्क नहीं लेगी। ऐसे में यदि कोई व्यक्ति ई-केवाईसी के नाम पर पैसे मांगता है तो उपभोक्ताओं को सावधान रहने की जरूरत है।

See also  शिक्षा विभाग में RTE के दो चरण पूरे होने के बावजूद अब भी 10 हजार सीटें रह गई हैं खाली : आखिर क्या है वजह..?

आधार की जानकारी साझा करते समय रहें सावधान
उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे आधार से जुड़ी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। ई-केवाईसी केवल बिजली कंपनी द्वारा निर्धारित आधिकारिक माध्यम से ही कराएं। प्रक्रिया शुरू होने से पहले आधार कार्ड और बिजली कनेक्शन के रिकॉर्ड में दर्ज नाम की जांच कर लेना सबसे जरूरी है।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।