भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए दीपक बैज
प्रदेश के मुद्दों पर अपनी बात रखते प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज

CG Politics: छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को लेकर सियासत तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार पर गरीबों को समय पर राशन उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि कई राशन दुकानों तक अगस्त का राशन अब तक नहीं पहुंचा है और हितग्राही राशन कार्ड लेकर दुकानों के चक्कर लगा रहे हैं।

बैज ने कहा कि राशन दुकानों में चीनी की उपलब्धता भी प्रभावित हुई है, जबकि बाजार में शक्कर की कीमत करीब 60 रुपये किलो तक पहुंच गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बस्तर में वितरित होने वाला चना और गुड़ कई महीनों से हितग्राहियों को नहीं मिल रहा है। कांग्रेस नेता ने सरकार से PDS व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की।

मुस्लिम लीग वाले बयान पर पलटवार
डिप्टी सीएम अरुण साव के कांग्रेस को मुस्लिम लीग के रास्ते पर चलने वाले बयान पर भी दीपक बैज ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में NEET, अयोध्या में चढ़ावे की चोरी, चीन का भारत पर कब्जा, महिला आरक्षण और E-20 पेट्रोल जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई, लेकिन भाजपा इन मुद्दों के बजाय मुस्लिम लीग की बात कर रही है। बैज ने अरुण साव पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें यह देखना चाहिए कि इतिहास में मुस्लिम लीग के साथ सरकार किसने चलाई थी। उन्होंने भाजपा से अपने नेताओं के बयानों को गंभीरता से लेने की अपील की।

See also  Misappropriation Of MLA's Voluntary Grant Amount -विधायक स्वेच्छानुदान की बंदरबांट, कांग्रेस MLA की फोटो वायरल

जेल भेजने से कांग्रेस नहीं डरेगी: बैज
भाजपा विधायक अजय चंद्राकर के कांग्रेस के लिए जेल को तीर्थ स्थल बताए जाने वाले बयान पर भी बैज ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा षड्यंत्रपूर्वक कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को जेल भेजना चाहती है तो भेज सकती है, लेकिन इससे कांग्रेस डरने वाली नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोधियों को डराने के लिए पुलिस और जांच एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। बैज ने कहा कि बदले की भावना से कार्रवाई लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। उन्होंने दावा किया कि अगर भाजपा का यही रवैया जारी रहा तो जेल भी कम पड़ जाएंगे।

अभनपुर विवाद पर बोले- सभी जनप्रतिनिधि संयम रखें
अभनपुर में कांग्रेस नेता के कथित अपशब्दों का वीडियो वायरल होने के मामले में दीपक बैज ने कहा कि उन्होंने वीडियो नहीं देखा है। उन्होंने कहा कि गाली-गलौज को केवल कांग्रेस नेताओं से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। सभी जनप्रतिनिधियों को सार्वजनिक जीवन में संयम बरतना चाहिए। बैज ने कहा कि ऐसी स्थिति पैदा होने के पीछे की पूरी परिस्थिति की जांच होनी चाहिए। प्रदेश कांग्रेस कमेटी संबंधित नेता से चर्चा कर मामले की जानकारी लेगी।

See also  रायपुर एयरपोर्ट पर बरसे पवन खेड़ा, RSS पर साधा निशाना… आज जिला अध्यक्षों को देंगे गुरुमंत्र

ईडी कार्रवाई को लेकर भी सरकार पर निशाना
ईडी की कार्रवाई पर दीपक बैज ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर राजनीतिक निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में ईडी और सीबीआई की कार्रवाई अब आम हो गई है और विपक्षी नेताओं को चुनिंदा तरीके से निशाना बनाया जा रहा है। बैज ने कहा कि भाजपा नेताओं के यहां जांच एजेंसियों की कार्रवाई नहीं होती, जबकि विपक्ष से जुड़े लोगों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने रामगोपाल से जुड़े मामले का जिक्र करते हुए कहा कि कार्रवाई लंबे समय से जारी है।

मोदी-शाह पर भी साधा निशाना
कथावाचक प्रदीप मिश्रा द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की भगवान शिव से तुलना किए जाने के सवाल पर भी बैज ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि किसी के लिए कोई राजनीतिक व्यक्ति आदर्श या भगवान के समान हो सकता है, लेकिन कांग्रेस की नजर में मोदी और शाह की नीतियां देशहित में नहीं रही हैं। बैज ने सरकार पर युवाओं से किए वादों को पूरा नहीं करने और चंदे से जुड़े मामलों में पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए हमला बोला।

See also  बड़ी खबर : पूर्व IAS अनिल टुटेजा को हाईकोर्ट से झटका, जमानत याचिका खारिज...

PDS से लेकर ईडी तक कई मुद्दों पर सरकार को घेरा
दीपक बैज के बयान से साफ है कि कांग्रेस ने प्रदेश में राशन वितरण की व्यवस्था से लेकर ईडी कार्रवाई, राजनीतिक बयानबाजी और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरने की रणनीति तेज कर दी है। वहीं, इन आरोपों पर सरकार और भाजपा की ओर से प्रतिक्रिया आने के बाद राजनीतिक बहस और तेज होने की संभावना है।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।