Raipur Ganesh Visarjan Jhanki: गणेश विसर्जन झांकियों के दौरान सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर बुधवार को सी-फोर भवन में अहम बैठक आयोजित की गई। इसमें पुलिस और जिला प्रशासन के साथ नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग और एसडीआरएफ के अधिकारी शामिल हुए। अधिकारियों ने गणेश उत्सव समितियों के आयोजकों को झांकी निकालने के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था से जुड़े जरूरी निर्देश दिए।
बैठक में सदर बाजार क्षेत्र में मौजूद जर्जर भवनों को लेकर विशेष रूप से चर्चा की गई। पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर झांकियों के मार्ग में बदलाव का प्रस्ताव रखा था। हालांकि गणेश उत्सव समितियों के आयोजकों ने रूट बदलने पर असहमति जताई। इसके बाद सदर बाजार से झांकी निकालने के दौरान अतिरिक्त सुरक्षा उपायों पर चर्चा की गई।
डीजे का बेस और वाइब्रेशन रहेगा बंद
अधिकारियों ने बताया कि सदर बाजार में झांकियों के गुजरने के दौरान आसपास मौजूद जर्जर भवनों को देखते हुए विशेष सावधानी जरूरी है। चर्चा के बाद आयोजकों ने निर्धारित ध्वनि मानकों का पालन करने पर सहमति जताई। साथ ही डीजे का बेस और वाइब्रेशन मोड बंद रखने का फैसला किया गया, ताकि तेज कंपन से किसी तरह का खतरा पैदा न हो।
पुलिस और एसडीआरएफ के निर्देशों का करना होगा पालन
झांकी आयोजकों ने पुलिस, प्रशासन, नगर निगम और एसडीआरएफ की ओर से सुरक्षा को लेकर दिए जाने वाले निर्देशों का पालन करने पर सहमति जताई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना सभी समितियों की जिम्मेदारी है। किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन और पुलिस की ओर से दिए गए निर्देशों का तत्काल पालन करना होगा।
हर झांकी के साथ रहेंगे पहचान पत्र वाले वालंटियर
बैठक में सभी आयोजकों को अपनी झांकी के साथ पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित वालंटियर रखने के निर्देश दिए गए। वालंटियर की पहचान सुनिश्चित करने के लिए उनके पास पहचान पत्र होना जरूरी रहेगा। इसके अलावा झांकी को निर्धारित मार्ग, समय और क्रम के अनुसार निकालने तथा रास्ते में अनावश्यक रूप से रोकने से बचने को कहा गया।
नशे और हथियारों पर पूरी तरह रोक
झांकी में शामिल लोगों को नशे का सेवन नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही किसी भी प्रकार के हथियार या धारदार वस्तु को झांकी में रखने पर रोक रहेगी। अधिकारियों ने आयोजकों से कहा कि विसर्जन जुलूस के दौरान अनुशासन बनाए रखें और किसी भी ऐसी गतिविधि से बचें, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता रखना होगा खुला
बैठक में डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल को निर्धारित नियमों के अनुसार करने के निर्देश दिए गए। आयोजकों को यह भी कहा गया कि आपातकालीन वाहनों और पीछे से आने वाली अन्य झांकियों के लिए रास्ता खुला रखें। पुलिस और यातायात अधिकारियों के निर्देशों का पालन करते हुए झांकी को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाना होगा।



