सोमवार, 14 सितंबर 2026 सोम, 14 सित |
संस्करण:
छत्तीसगढ़

Raipur Nagar Nigam: सीलबंदी शुरू होते ही चुकाए लाखों रुपये, रायपुर निगम ने 8 परिसरों पर जड़ा ताला

Raipur Nagar Nigam: सीलबंदी शुरू होते ही चुकाए लाखों रुपये, रायपुर निगम ने 8 परिसरों पर जड़ा ताला
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य

Raipur Nagar Nigam Action: नगर पालिक निगम रायपुर के जोन क्रमांक 8 के राजस्व विभाग ने लंबे समय से बकाया राशि जमा नहीं करने वाले बड़े बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई की है। वार्ड क्रमांक 1, 2 और 21 में 8 व्यावसायिक परिसरों को सीलबंद किया गया।

कार्रवाई के दौरान कुछ बकायादारों ने मौके पर ही भुगतान कर दिया। निगम के अनुसार अभियान में कुल 5 लाख 24 हजार 171 रुपये की बकाया राशि प्राप्त हुई।

नोटिस के बाद भी भुगतान नहीं, 8 परिसर सीलबंद

नगर निगम के मुताबिक संबंधित बकायादारों को पहले डिमांड बिल, डिमांड नोटिस और अंतिम नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद बकाया राशि जमा नहीं करने पर राजस्व विभाग की टीम ने सीलबंदी की कार्रवाई की। यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के आदेश पर की गई। अपर आयुक्त राजस्व लोकेश्वर साहू, उपायुक्त राजस्व डॉ. अंजलि शर्मा और जोन 8 कमिश्नर राजेश्वरी पटेल के निर्देश में अभियान चलाया गया।

वार्ड 1 में तीन व्यावसायिक परिसर सील

वीर सावरकर नगर वार्ड क्रमांक 1 में तीन बकायादारों के परिसरों पर कार्रवाई की गई।
ओमप्रकाश तिवारी- 75,237 रुपये, सुरेन्द्र सिंह- 82,554 रुपये, राहुल धारीवाल- 2,11,633 रुपये, भुगतान नहीं करने पर तीनों के व्यावसायिक परिसरों को सीलबंद कर दिया गया।

वार्ड 2 में 9.93 लाख के बकायादार पर कार्रवाई

पंडित जवाहरलाल नेहरू वार्ड क्रमांक 2 में रामानंद अग्रवाल पर 5,02,813 रुपये की बकाया राशि थी। सीलबंदी की कार्रवाई शुरू होते ही उन्होंने 2,63,064 रुपये का आंशिक भुगतान कर दिया। वहीं संतोषी देवी/रामनिवास पर 9,93,482 रुपये बकाया था। भुगतान नहीं करने पर उनके व्यावसायिक परिसर को सीलबंद कर दिया गया।

वार्ड 21 में आठ दुकानों पर जड़ा ताला

शहीद भगत सिंह वार्ड क्रमांक 21 में रजिन्दर सिंह सब्बरवाल पर 1,68,613 रुपये बकाया था। उनके परिसर की आठ दुकानों को सीलबंद किया गया। इसी वार्ड में अनुराग विज पर 1,70,707 रुपये और तेजेन्द्र सिंह पर 90,984 रुपये बकाया था। दोनों ने सीलबंदी की कार्रवाई शुरू होते ही धनादेश के जरिए पूरी बकाया राशि का भुगतान मौके पर कर दिया।

निगम ने वसूले 5.24 लाख रुपये

नगर निगम के अनुसार, दो लाख रुपये से अधिक के बकायादारों समेत अन्य बड़े बकायादारों से कार्रवाई के दौरान कुल 5,24,171 रुपये की बकाया राशि प्राप्त हुई। अभियान में सहायक राजस्व अधिकारी महादेव रक्सेल के मार्गदर्शन में राजस्व निरीक्षक राजेश मिश्रा तथा सहायक राजस्व निरीक्षक राकेश दुबे और शिवेन्द्र सिंह की टीम शामिल रही। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि लंबे समय से कर और अन्य राजस्व राशि जमा नहीं करने वाले बड़े बकायादारों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

विज्ञापन