रायपुर। राजधानी रापपुर में सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस ने हेरोइन यानी चिट्टा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 6.33 ग्राम हेरोइन, 13 हजार रुपये नकद, चार आईफोन फोन और एक मोपेड बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक जब्त सामान की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये है।
खंडहर में नशे के सौदे की सूचना पर पहुंची पुलिस
एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सांई नगर स्थित पॉम रेसिडेंसी के खंडहर में कुछ संदिग्ध लोग हेरोइन लेकर मौजूद हैं। आरोपी मादक पदार्थ की बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर संयुक्त पुलिस टीम बनाई गई और बताए गए स्थान पर दबिश दी गई।
पुलिस को देखकर भागने लगे संदिग्ध
टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर तीन संदिग्धों को चिन्हित किया। पुलिस के अनुसार, टीम ने जब उनसे संपर्क करने की कोशिश की तो तीनों वहां से भागने लगे। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम आयुष दुबे, अदनान खान और अब्दुल रेहान बताया। आरोपियों की तलाशी में 6.33 ग्राम हेरोइन ,13,000 रुपये नकद चार आईफोन और बाइक बरामद हुई है।
सप्लाई नेटवर्क की तलाश में पुलिस
मामले में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को हेरोइन कहां से मिली और इसकी सप्लाई के पीछे कौन लोग जुड़े हैं। गिरफ्तार आरोपियों से फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सप्लायर और संभावित खरीदारों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।



