CG News: सोशल मीडिया पर रील्स देखने और बनाने का चलन तेजी से बढ़ रहा है। मनोरंजन के लिए मोबाइल का इस्तेमाल सामान्य बात है, लेकिन जब यही आदत रोजमर्रा की जिंदगी पर हावी होने लगे तो इसके गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के करतला क्षेत्र में एक ऐसी ही दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने ग्रामीणों को हैरान कर दिया।
घटना कोरबा जिले करतला थाना क्षेत्र के ग्राम केराकछार की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार 52 वर्षीय मंगलो बाई सारथी घटना के दिन घर में खाना खाते समय मोबाइल पर रील्स देख रही थीं। इसी दौरान ग्रामीण क्षेत्र में मौसम की वजह से मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट कनेक्टिविटी प्रभावित हो गई। रील बार-बार रुकने लगी, जिससे महिला कथित तौर पर काफी नाराज हो गई।
गुस्से में मोबाइल जमीन पर पटका
परिजनों और आसपास के लोगों के मुताबिक महिला छत्तीसगढ़ी भाषा में बनी रील्स देखने की शौकीन थीं और मोबाइल पर काफी समय बिताती थीं। नेटवर्क बाधित होने से परेशान होकर उन्होंने गुस्से में मोबाइल फोन जमीन पर पटक दिया। फोन टूटने के बाद भी उनका गुस्सा शांत नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने गुस्से में आकर जहर का सेवन कर लिया।
बेटी ने मां को तड़पते देखा
घटना के समय महिला का पति मजदूरी के सिलसिले में बाहर गया हुआ था। उनकी 17 वर्षीय बेटी घर पर मौजूद थी। तबीयत बिगड़ने के बाद बेटी की नजर अपनी मां पर पड़ी और उसने परिवार के अन्य सदस्यों को जानकारी दी। परिजन तत्काल महिला को उपचार के लिए करतला के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। हालांकि ये बात भी सामने आई कि महिला के परिवार के सदस्यों ने जहर के प्रभाव से बचाने के लिए उन्हें गोबर का पानी पिलाया गया।
हालत गंभीर होने पर कोरबा किया गया रेफर
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रारंभिक उपचार के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान रविवार शाम महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच
कोरबा के सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार पुलिस सहायता केंद्र और मेडिकल कॉलेज अस्पताल से महिला की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में मोबाइल नेटवर्क बाधित होने के बाद महिला के गुस्सा होने और मोबाइल तोड़ने की बात सामने आई है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और परिजनों के बयान भी लिए जा रहे हैं।
परिवार में नहीं था कोई विवाद
परिजनों के मुताबिक महिला के परिवार में किसी तरह का आपसी विवाद नहीं था। परिवार में पति प्रेमलाल सारथी, 22 वर्षीय बेटा और 17 वर्षीय बेटी उनके साथ रहते थे। वहीं उनका 24 वर्षीय बड़ा बेटा विवाहित है और कोरबा जिला मुख्यालय में रहता है। अचानक हुई इस घटना से परिवार और गांव के लोग सदमे में हैं।
मोबाइल और रील्स की आदत पर गंभीर सवाल
यह घटना सोशल मीडिया और मोबाइल के बढ़ते इस्तेमाल को लेकर एक बड़ा सवाल खड़ा करती है। रील्स देखना अपने आप में गलत नहीं है, लेकिन लगातार स्क्रीन पर समय बिताना नींद, पढ़ाई, काम, परिवार और सामाजिक जीवन को प्रभावित कर सकता है। खासकर अकेलेपन या तनाव से जूझ रहे लोगों में मोबाइल का अत्यधिक इस्तेमाल रोजमर्रा की गतिविधियों को प्रभावित कर सकता है।
मोबाइल की लत से बचने के लिए क्या करें?
मोबाइल का इस्तेमाल नियंत्रित करने के लिए परिवार में आपसी बातचीत और साथ में समय बिताने की आदत बढ़ाना उपयोगी हो सकता है। बच्चों के स्क्रीन टाइम पर नजर रखना, भोजन के समय फोन से दूरी बनाना और दिनचर्या में शारीरिक गतिविधियों को शामिल करना भी मददगार है। खुद को काम, खेल, पढ़ाई और रचनात्मक गतिविधियों में व्यस्त रखना स्क्रीन पर निर्भरता कम कर सकता है।
मदद के लिए संपर्क करें
मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी किसी भी समस्या या तनाव में सहायता के लिए कृपया राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 14416 या 1800-891-4416 पर कॉल करें। यह सेवा पूरी तरह से निशुल्क और गोपनीय है।



