रविवार, 18 अक्तूबर 2026 रवि, 18 अक्तू॰ |
संस्करण:
ब्रेकिंग न्यूज़
छत्तीसगढ़

DJ जब्ती से थाने में हंगामे तक, शुभांकर द्विवेदी गिरफ्तार; जानें पूरा मामला

Shubhankar Dwivedi Arrested: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में जब्त DJ वाहन छुड़ाने को लेकर हुए विवाद के मामले में पुलिस ने भाजयुमो नेता शुभांकर द्विवेदी को गिरफ्तार किया है। उन पर गुढ़ियारी थाने में कथित तोड़फोड़ करने और थाना प्रभारी नरेंद्र साहू के साथ बदसलूकी करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को गिरफ्तार […]

Raipur police investigation into allegations of vandalism at Gudhiyari police station involving BJYM leader Shubhankar Dwivedi
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य

Shubhankar Dwivedi Arrested: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में जब्त DJ वाहन छुड़ाने को लेकर हुए विवाद के मामले में पुलिस ने भाजयुमो नेता शुभांकर द्विवेदी को गिरफ्तार किया है। उन पर गुढ़ियारी थाने में कथित तोड़फोड़ करने और थाना प्रभारी नरेंद्र साहू के साथ बदसलूकी करने का आरोप है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद अब न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।

DJ वाहन जब्त होने के बाद शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, गणेश पक्ष के दौरान निर्धारित समय-सीमा के बाद DJ बजाने पर पुलिस ने कार्रवाई की थी। इस दौरान DJ वाहन जब्त कर लिया गया। वाहन छुड़ाने के लिए शुभांकर द्विवेदी गुढ़ियारी थाने पहुंचे थे। आरोप है कि कार्रवाई का विरोध करते हुए उन्होंने टीआई कक्ष में तोड़फोड़ की और थाना प्रभारी नरेंद्र साहू के साथ बदसलूकी की। इसके बाद पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने और तोड़फोड़ के आरोप में उनके खिलाफ FIR दर्ज की।

घर पर दबिश के बाद गिरफ्तारी

मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस आरोपी की तलाश में उसके घर पहुंची थी। हालांकि, वह वहां नहीं मिला और फरार हो गया था। अब पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। इस मामले में आरोपों की जांच पुलिस कर रही है। आरोपी के खिलाफ दर्ज प्रकरण में आगे की कार्रवाई न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगी।

सोशल मीडिया वीडियो के बाद बढ़ा विवाद

घटनाक्रम के बाद शुभांकर द्विवेदी ने सोशल मीडिया पर कई वीडियो जारी किए थे। इन वीडियो में उन्होंने पुलिस के खिलाफ बयान दिए। मामला सामने आने के बाद कांग्रेस ने भी उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। शहर कांग्रेस रायपुर के अध्यक्ष मेनन ने आरोपी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई करने की मांग भी की थी।

साहू संघ ने पुलिस कमिश्नर को सौंपा था पत्र

गुढ़ियारी थाना प्रभारी नरेंद्र साहू के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ ने भी हस्तक्षेप किया था। संघ ने पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला को पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष और तत्काल जांच कराने की मांग की थी। संघ ने दोषियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई करने की मांग भी रखी थी। अब शुभांकर द्विवेदी की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कार्रवाई और न्यायालय की प्रक्रिया पर नजर रहेगी।

Rverma
लेखक / पत्रकार:

Rverma

विशेष संवाददाता (Special Correspondent)

वरिष्ठ न्यूज़ रिपोर्टर, The Rural Press

The Rural Press के लिए निष्पक्ष और निर्भीक रिपोर्टिंग।

विज्ञापन