रविवार, 27 सितंबर 2026 रवि, 27 सित॰ |
संस्करण:
ब्रेकिंग न्यूज़
छत्तीसगढ़

Raipur Crime News: रायपुर में ट्रिपल मर्डर कांड! पति ने पत्नी और दो मासूम बच्चों की ले ली जान, फिर खुद पर भी किया वार

Raipur Crime News: रायपुर के माना थाना क्षेत्र में देर रात एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई। डूमरतराई के साहू पारा में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में तीनों की मौत हो गई। घटना […]

Raipur Triple Murder
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य

Raipur Crime News: रायपुर के माना थाना क्षेत्र में देर रात एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई। डूमरतराई के साहू पारा में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में तीनों की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से वार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान भुनेश्वर साहू उम्र 34 वर्ष के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बालोद जिले का रहने वाला बताया जा रहा है और डूमरतराई के साहू पारा में किराए के मकान में रह रहा था। शुरुआती जांच के मुताबिक देर रात विवाद के बाद उसने पहले अपनी पत्नी खिलेश्वरी साहू पर हमला किया।

10 और 8 साल के बच्चों की भी मौत

पुलिस के मुताबिक पत्नी पर हमला करने के बाद आरोपी ने अपने दोनों बच्चों को भी निशाना बनाया। मृत बच्चों की पहचान आशीष साहू उम्र 10 वर्ष और ज्ञान साहू उम्र 8 वर्ष के रूप में हुई है। धारदार हथियार से किए गए हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई।

वारदात के बाद खुद पर किया हमला

तीनों पर हमला करने के बाद आरोपी भुनेश्वर साहू ने खुद को भी चाकू मार लिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सुबह पड़ोसियों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची माना थाना पुलिस ने आरोपी को घायल अवस्था में पाया और उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

अंबेडकर अस्पताल में आरोपी का इलाज जारी

पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय में भर्ती कराया है। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। पुलिस की निगरानी में उसका उपचार कराया जा रहा है। वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

पत्नी के चरित्र पर शक की बात सामने आई

प्रारंभिक जांच में पत्नी के चरित्र पर शक को वारदात की वजह बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी मामले के सभी पहलुओं की जांच पूरी नहीं की है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ था और वारदात की वास्तविक वजह क्या थी।

घटनास्थल सील, जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने मकान और आसपास के इलाके को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है। मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस आरोपी के होश में आने और उसका बयान दर्ज होने के बाद घटनाक्रम की पूरी कड़ी स्पष्ट करने की कोशिश करेगी। फिलहाल एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से इलाके में मातम पसरा है।

Naveen Kumar Sahu
लेखक / पत्रकार:

Naveen Kumar Sahu

विशेष संवाददाता (Special Correspondent)

वरिष्ठ न्यूज़ रिपोर्टर, The Rural Press

The Rural Press के लिए निष्पक्ष और निर्भीक रिपोर्टिंग।

विज्ञापन