CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से जारी बारिश का दौर अब कमजोर पड़ गया है। पिछले तीन दिनों से रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में तेज गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। सरगुजा और बस्तर संभाग के एक-दो स्थानों पर ही हल्की बारिश दर्ज की गई। आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां सीमित रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार से पांच दिनों के दौरान प्रदेश के ज्यादातर जिलों में मौसम शुष्क रह सकता है। हालांकि कल बुधवार यानी 30 सितंबर को प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अगले दो दिनों के दौरान भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
किसी जिले के लिए चेतावनी नहीं
फिलहाल मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के किसी भी जिले के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है। इसका मतलब है कि प्रदेश में भारी बारिश या अन्य गंभीर मौसमी स्थिति को लेकर फिलहाल कोई अलर्ट नहीं है। हालांकि स्थानीय स्तर पर मौसम में बदलाव होने की संभावना बनी हुई है।
रायपुर में 33 डिग्री तक रहेगा तापमान
राजधानी रायपुर में आज तेज धुप रहेगी। हालांकि शाम को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक यहां दिन का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 24 डिग्री के आसपास रह सकता है। सोमवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री दर्ज किया गया।
राजनांदगांव सबसे गर्म, पेंड्रारोड सबसे ठंडा
सोमवार को राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री दर्ज किया गया। दूसरी ओर पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। तापमान के इस अंतर से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम की स्थिति में अंतर साफ नजर आ रहा है।
मानसून की वापसी से बदला मौसम
मौसम में बदलाव की एक बड़ी वजह दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की प्रक्रिया को माना जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून की वापसी की रेखा आगे बढ़ रही है। इसी के साथ उत्तर-पश्चिम और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर समुद्र तल से करीब 3.1 से 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है।



