Ravi Kishan Rahul Gandhi Statement: भाजपा सांसद और अभिनेता रवि किशन ने मंगलवार सुबह रायपुर एयरपोर्ट पर कांग्रेस के दिल्ली प्रदर्शन को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनाव में हरा नहीं पाने के कारण अब लोगों को हाईजैक करने की बात की जा रही है। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान मारपीट पर उतारू होने का आरोप भी लगाया।
कांग्रेस पर देश को पीछे ले जाने का आरोप
रवि किशन ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने 65 साल तक देश का शोषण किया और अब भारत को फिर पीछे ले जाना चाहती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का वैश्विक सम्मान बढ़ा है और देश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।
संसद की कार्यवाही को लेकर विपक्ष पर सवाल
भाजपा सांसद ने विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शनों के कारण आम लोगों को नौकरी और दूसरे जरूरी कामों के लिए आने-जाने में परेशानी हो रही है। रवि किशन ने सड़क जाम करने को आंदोलन का उचित तरीका नहीं बताया।
EVM और वोट चोरी के आरोपों पर क्या बोले?
चुनाव में EVM और वोट चोरी को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर भी रवि किशन ने सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि कांग्रेस चुनाव जीतती है, तब EVM और वोट चोरी के आरोप क्यों नहीं लगाती?
उन्होंने कांग्रेस से विकास के मुद्दों पर राजनीति करने और देश के लिए अपना रोडमैप स्पष्ट करने की बात कही।
कैसा भारत चाहती है भाजपा?
रवि किशन ने कहा कि भाजपा ऐसे भारत की बात करती है, जहां दंगे न हों, विकास हो और जनता की आवाज सुनी जाए। उन्होंने कांग्रेस के प्रदर्शन के तरीके पर सवाल उठाते हुए कहा कि विरोध दर्ज कराने के लिए सड़क जाम करना सही रास्ता नहीं है। बता दें कि सांसद और एक्टर रवि किशन छत्तीसगढ़ में बिलासपुर में आयोजित गरबा महोत्सव में विशेष अतिथि के तौर पर शामिल होने पहुंचे हैं।



