बुधवार, 4 नवंबर 2026 बुध, 4 नवं |
संस्करण:
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में कहीं राहत तो कहीं आफत: आज से शुरू हुआ आषाढ़, कल से पूरे प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में कहीं राहत तो कहीं आफत: आज से शुरू हुआ आषाढ़, कल से पूरे प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य
TRP अलर्ट्स

ताज़ा समाचार तुरंत पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें

टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ में मौसम के कई रंग देखने को मिल रहे हैं। राज्य के कुछ इलाकों में अच्छी बारिश हो रही है, तो कुछ जगहों पर लोग अब भी उमस और गर्मी से परेशान हैं। राजधानी रायपुर में फिलहाल पानी नहीं गिरा है, जिससे लोग परेशान हैं। आज से हिंदी कैलेंडर का आषाढ़ महीना शुरू हो गया है, जिससे लोगों को अच्छी बरसात की उम्मीद है। मंगलवार सुबह से ही रायपुर के आसमान में बादल डेरा डाले हुए हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि एक जुलाई से पूरे राज्य में पानी गिरने की रफ्तार तेजी से बढ़ेगी।

पिछले 24 घंटे में कहां कितनी हुई बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में राज्य के लगभग सभी हिस्सों में देर रात हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। सक्ती, कोंटा, नानगुर, भोपालपटनम, तोकापाल, तिल्दा और मुंगेली में करीब तीन-तीन सेंटीमीटर पानी गिरा है। वहीं नारायणपुर, जगदलपुर, देवरी और जगरगुंडा में दो-दो सेंटीमीटर वर्षा हुई है। इसके अलावा पेंड्रा, खैरागढ़, छुरिया, खरसिया और नवागढ़ जैसे इलाकों में भी एक-एक सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

मौसम बदलने की असली वजह क्या है

मौसम के जानकारों ने बताया कि हवा का एक कम दबाव का क्षेत्र पंजाब से शुरू होकर हरियाणा और उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार तक जा रहा है। इसके साथ ही तेलंगाना के ऊपर हवा का एक चक्रवात यानी गोल घेरा बना हुआ है। उत्तर प्रदेश से लेकर मणिपुर तक भी हवा की एक पट्टी बनी हुई है। इन तीन अलग-अलग कारणों से पूरे छत्तीसगढ़ में मानसून की हवाएं सक्रिय हो गई हैं। इसकी वजह से प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में अच्छी बारिश होने के पूरे आसार बन रहे हैं।

बिजली गिरने की चेतावनी जारी

मौसम केंद्र के मुताबिक आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा होगी। इसके साथ ही कुछ एक जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने भारी बारिश को लेकर लोगों को सावधान रहने की चेतावनी दी है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम

राजधानी रायपुर में मंगलवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग ने शहर में तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ पानी गिरने की संभावना जताई है। मंगलवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Deeksha Mishra
लेखक / पत्रकार:

Deeksha Mishra

कृषि एवं ग्रामीण विकास विशेष संवाददाता

The Rural Press में कृषि संकट, किसान आंदोलन, ग्रामीण विकास एवं स्थानीय प्रशासन पर केंद्रित विशेष खोजी रिपोर्टिंग।

The Rural Press सम्पादकीय दल सभी खबरें देखें →
विज्ञापन