बुधवार, 4 नवंबर 2026 बुध, 4 नवं |
संस्करण:
छत्तीसगढ़

ACB TRAP : 50 हजार की रिश्वत लेते रेवेन्यू इंस्पेक्टर गिरफ्तार, जिस RI को पकड़ने गए थे, वह कार्रवाई के दौरान भागा..!

ACB TRAP : 50 हजार की रिश्वत लेते रेवेन्यू इंस्पेक्टर गिरफ्तार, जिस RI को पकड़ने गए थे, वह कार्रवाई के दौरान भागा..!
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य
TRP अलर्ट्स

ताज़ा समाचार तुरंत पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें

जीपीएम। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में ACB की टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए 50 हजार की रिश्वत ले रहे एक राजस्व निरीक्षक को रंगे हाथ पकड़ा है। हालांकि इस कार्रवाई में रिश्वत की मांग करने वाला दूसरा राजस्व निरीक्षक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

इस मामले में शिकायतकर्ता रंजीत सिंह राठौर, निवासी ग्राम आंदुल, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही द्वारा एन्टी करप्शन ब्यूरो बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि उसके पिता के नाम पर 2 एकड़ कृषि जमीन है जिसके सीमांकन का तहसीलदार गौरेला के यहां से आदेश हो चुका था। मगर इसके एवज में गौरेला में पदस्थ राजस्व निरीक्षक घनश्याम भारद्वाज और संतोष कुमार चन्द्रसेन के द्वारा उससे 50,000 (पचास हजार) रुपए की रिश्वत मांगी गई। शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने की बजाय ACB में इसकी शिकायत कर दी।

इस प्रकरण में ACB द्वारा सत्यापन कराए जाने पर शिकायत सही पाई गई। जिसके बाद ACB बिलासपुर द्वारा योजना तैयार कर आज गौरेला तहसील पहुंच कर पीड़ित को रिश्वती रकम देने के लिए घनश्याम भारद्वाज के पास भेजा गया, लेकिन घनश्याम ने रिश्वत की रकम को खुद लेने की बजाय मध्यस्थता करने वाले उसके सहयोगी राजस्व निरीक्षक संतोष कुमार चंद्रसेन को देने को कहा। इसके बाद रंजीत सिंह राठौर के फोन करने पर संतोष कुमार चंद्रसेन तत्काल वहां पहुंच गया और अपनी गाड़ी में बैठकर रंजीत से रिश्वत की रकम 50,000 के नोट अपने हाथ में ली। तभी मौके पर मौजूद ACB की टीम ने उसे पकड़ लिया। ACB की टीम द्वारा चन्द्रसेन के विरूद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत् कार्रवाई की जा रही है।

मौके से फरार आरआई CCTV में हुआ कैद

दरअसल राजस्व निरीक्षक संतोष कुमार चंद्रसेन को पकड़े जाने के दौरान मची अफरा-तफरी के बीच रिश्वत की मांग करने वाला राजस्व निरीक्षक घनश्याम भारद्वाज मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है। ACB की टीम ने जब CCTV फुटेज देखा तब घनश्याम कार्यालय के पीछे से तेजी से भागता हुआ नजर आया। ACB के टीआई योगेश कुमार ने बताया कि फरार राजस्व निरीक्षक घनश्याम भारद्वाज की तलाश में टीम उसके घर तक भेजी गई मगर वह नहीं मिला। उसकी खोजबीन की जा रही है।

रसूखदार आरआई आया पकड़ में..!

ACB की टीम ने भले ही गलती से राजस्व निरीक्षक संतोष कुमार चंद्रसेन को पकड़ लिया, मगर मौके पर मौजूद ग्रामीणों और मीडिया कर्मियों ने टीम से कहा कि उन्होंने सही आदमी को पकड़ा है। इन सभी ने बताया कि संतोष कुमार इतना रसूखदार है कि वो तहसीलदारों तक के तबादले करवा देता है। रिश्वत लिए बिना काम नहीं करने के नाम पर यह आरआई काफी मशहूर है। उसके पकड़े जाने पर लोगों ने खुशी का इजहार किया।

बहरहाल इस मामले में फरार दूसरे राजस्व निरीक्षक घनश्याम भारद्वाज की जोर-शोर से तलाश की जा रही है। ACB उसके खिलाफ भी कार्यवाही करेगी और अफसरों के निर्देश पर दोनों आरोपियों के मकान पर छापेमारी कर संपत्ति की जांच भी कर सकती है।

Shami Imam
लेखक / पत्रकार:

Shami Imam

संभागीय प्रमुख व वरिष्ठ संवाददाता

बस्तर व सरगुजा अंचल के दूरस्थ क्षेत्रों से जनमुद्दों और जनसमस्याओं पर बेबाक रिपोर्टिंग।

The Rural Press सम्पादकीय दल सभी खबरें देखें →
विज्ञापन