बुधवार, 4 नवंबर 2026 बुध, 4 नवं |
संस्करण:
छत्तीसगढ़

पोस्टर से फोटो गायब होने पर भड़के साजा विधायक ईश्वर साहू, बोले- 'जानबूझकर नीचा दिखाया, मंत्री से करूँगा शिकायत'

पोस्टर से फोटो गायब होने पर भड़के साजा विधायक ईश्वर साहू, बोले- 'जानबूझकर नीचा दिखाया, मंत्री से करूँगा शिकायत'
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य
TRP अलर्ट्स

ताज़ा समाचार तुरंत पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें

टीआरपी डेस्क। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज रविवार, 21 जून को जहां पूरा देश योग के रंग में रंगा नजर आया, वहीं छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से एक बड़ी सियासी नाराजगी की खबर सामने आ रही है। स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कंतेली में आयोजित जिला स्तरीय योग कार्यक्रम के दौरान साजा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक ईश्वर साहू प्रशासनिक व्यवस्था और कार्यक्रम के मुख्य पोस्टर पर जमकर बिफर पड़े।

दरअसल, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर आयुष विभाग और जिला प्रशासन द्वारा बेमेतरा के कंतेली स्थित स्वामी विवेकानंद स्टेडियम में भव्य जिला स्तरीय योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। यह सरकारी कार्यक्रम सुबह 7:00 बजे से 9:00 बजे तक चला। इस गौरवमयी आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में लक्ष्मी वर्मा मौजूद रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में साजा विधायक ईश्वर साहू सहित इलाके के अन्य जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में आम लोग शामिल हुए।

पोस्टर से फोटो गायब देख भड़के विधायक

कार्यक्रम स्थल पर जब विधायक ईश्वर साहू पहुंचे, तो वहां लगे मुख्य आधिकारिक पोस्टर में अपनी तस्वीर न पाकर वे बेहद नाराज हो गए। विधायक ईश्वर साहू ने सीधे तौर पर प्रशासन और आयोजकों पर आरोप लगाते हुए कहा कि पोस्टर में उनकी तस्वीर शामिल न करना कोई गलती नहीं, बल्कि उन्हें जानबूझकर नीचा दिखाने के उद्देश्य से किया गया कृत्य है।

अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए ईश्वर साहू ने कहा- "यह कार्य पूरी तरह जानबूझकर किया गया है। मैं इस मंच से किसी का नाम तो नहीं लेना चाहता, लेकिन यह कतई बर्दाश्त करने योग्य नहीं है। अगर आयोजकों की थोड़ी भी इच्छा होती, तो समय रहते पोस्टर की इस बड़ी गलती में सुधार किया जा सकता था।"

संबंधित मंत्री से होगी शिकायत

साजा विधायक ने साफ कर दिया है कि वे इस अपमानजनक बर्ताव को चुपचाप सहन नहीं करेंगे। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए ऐलान किया कि वह इस पूरे मामले की लिखित शिकायत संबंधित विभाग के मंत्री से करेंगे। विधायक ने मांग की है कि इस पूरे वाकये की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए, ताकि यह साफ-साफ पता चल सके कि आखिरकार किसके निर्देश पर और किसके शह पर सरकारी पोस्टर से स्थानीय विधायक की फोटो को गायब किया गया।

Naveen Kumar Sahu
लेखक / पत्रकार:

Naveen Kumar Sahu

छत्तीसगढ़ राज्य ब्यूरो एवं क्राइम रिपोर्टर

छत्तीसगढ़ की कानून व्यवस्था, पुलिस-प्रशासन और जनहित के प्रमुख मुद्दों की ग्राउंड रिपोर्टिंग।

The Rural Press सम्पादकीय दल सभी खबरें देखें →
विज्ञापन